वर्धा: आजनसरा के भोजाजी महाराज देवस्थान में हुआ भ्रष्टाचार, बेमियादी अनशन की चेतावनी

आजनसरा के भोजाजी महाराज देवस्थान में हुआ भ्रष्टाचार, बेमियादी अनशन की चेतावनी
  • पत्र-परिषद में शंकर कोसुरकर ने लगाई आरोपों की झड़ी
  • कार्रवाई की मांग को लेकर 4 से बेमियादी अनशन

डिजिटल डेस्क, वर्धा. समूचे विदर्भ में विख्यात हिंगणघाट तहसील के आजनसरा स्थित संत भोजाजी महाराज देवस्थान में गत 2019 से लाखों रुपए का भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाते हुए ट्रस्टियों पर मामला दर्ज करने की मांग की जा रही है। इस संदर्भ में वर्धा के धर्मदाय आयुक्त ने एक साल में जांच पूर्ण की है। इसमें भ्रष्टाचार उजागर होने के बावजूद भी मामला दर्ज करने में आनाकानी की जा रही है। अब आरोपियों पर मामला दर्ज करने की मांग को लेकर आजनसरा स्थित भाेजाजी महाराज देवस्थान के समक्ष 4 फरवरी से बेमियादी आंदोलन किया जाएगा।

यह जानकारी शंकर रामदास कोसुरकर ने मंगलवार को विश्रामगृह में आयोजित पत्र-परिषद में दी। उन्होंने बताया कि आजनसरा देवस्थान के ट्रस्टी बड़े प्रमाण में भ्रष्टाचार कर रहे हैं। इस संदर्भ में बार-बार वर्धा के सहायक धर्मदाय आयुक्त, पुलिस प्रशासन को जानकारी देने के बावजूद अनदेखी की जा रही है। भोजाजी महाराज देवस्थान में करीब 40 से 50 कर्मचारी काम करते हंै। उन श्रमिकों पर प्रतिमाह 5 से 7 लाख रुपए तक वेतन का खर्च आता है। इसमें भ्रष्टाचार हो रहा है। 9 जनवरी 2023 को संत भोजाजी महाराज देवस्थान आजनसरा स्थित भ्रष्ट कार्य की जांच कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया था। लेकिन कार्रवाई नहीं होने से 26 जनवरी 2023 से बेमियादी अनशन किया गया। 4 फरवरी को एक माह के भीतर कार्रवाई करने का आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन वापस लिया गया।

अब एक वर्ष बाद भी कार्रवाई नहीं हुई है। 27 जुलाई 2017 को संत भोजाजी महाराज देवस्थान का प्रोसीडिंग रजिस्टर कथित सचिव वसंत येंडे ने चुरा लिया था । इसकी शिकायत पर भी ध्यान नहीं दिया गया। विजय पर्बत की नियुक्ति गैरकानूनी है। उन्हें 18 मई 2018 के आदेश से 30 अक्टूबर 2018 तक विश्वस्त पद का आर्डर था। बावजूद इसके उन्हें सदस्य पद बहाल कर सीधे अध्यक्ष बनाया गया।

देवस्थान का बैंक ऑफ इंडिया वडनेर व हिंगणघाट में खाता है। बावजूद इसके देवस्थान के स्वयंघोषित अध्यक्ष विजय पर्बत ने स्माल फाइनेंस बैंक में खाता खोलकर श्रद्धालुओं द्वारा दी गई निधि में हेराफरी की। साथ ही मंदिर समीप की भूमि वनविभाग की है। वहां ऑक्सीजन पार्क बनाने के लिए निर्देश जिलाधिकारी ने दिए थे।

वहां भी अपने फायदे के लिए जेसीबी से पेड़ों की कटाई कर श्रद्धालुओं को खाना बनाने के लिए 200 रुपए में उपलब्ध की जा रही है। इससे इस पूरे प्रकरण की जांच कर भोजाजी महाराज विश्वस्त मंडल बर्खास्त कर प्रशासक की नियुक्ति तथा दोषियों पर मामला दर्ज करने की मांग को लेकर 4 फरवरी से देवस्थान के समक्ष बेमियादी अनशन किया जाएगा। पत्र-परिषद में शंकर कोसुरकर, भाऊराव कोपरकर, भास्कर कोसुरकर, मनोहर चांभारे, भाऊराव गुजरकर, सुनील गुजरकर सहित बड़ी संख्या में गांव के नागरिक मौजूद थे।

Created On :   31 Jan 2024 9:52 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story