वर्धा: हिंदी विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि मनाने से रोका!

हिंदी विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि मनाने से रोका!
  • विद्यार्थियों का बड़ा आरोप
  • गांधीजी की धरती पर उनका ऐसा अपमान शर्मनाक

डिजिटल डेस्क, वर्धा. महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के शोधार्थियों व विद्यार्थियों को विवि प्रशासन ने गांधी हिल 30 जनवरी को बापू के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा नहीं करने दिया गया। विद्यार्थियों ने इस घटना का विरोध जताया है। विद्यार्थियों के अनुसार मंगलवार शाम 6 बजे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं गांधीजी को श्रद्धांजलि देने के लिए गांधी हिल पर एकत्रित हुए लेकिन विवि प्रशासन की ओर से आए सुरक्षाकर्मियों ने अनुमति न होने का हवाला देते हुए उन्हें बापू की पुण्यतिथि मनाने से रोकने लगे।

इसके बाद विद्यार्थियों शांतिपूर्वक विवि परिसर से बाहर निकलकर विवि गेट के बाहर एक छोटी सी सभा आयोजित कर बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की। विद्यार्थियों का कहना है कि उन्होंने कार्यक्रम करने की सूचना प्रशासन को पहले दे रखी थी। बावजूद इसके प्रशासन ने कार्यक्रम का आयोजन नहीं करने दिया। नाम न छापने की शर्त पर कुछ विद्यार्थियों ने बताया कि हिंदी विवि के पास कथित तौर पर छात्र विरोधी मानसिकता का एक लंबा रिकॉर्ड है। इस कारण केंद्रीय विवि परिसर में तनाव पैदा हुआ है। एक शोधार्थी ने कहा कि विडंबना है कि गांधीजी की स्मृति में नामित केंद्रीय विश्वविद्यालय में बापू की शहादत दिवस कार्यक्रम मनाने से विवि प्रशासन ने रोक लगा दी। यह विवि प्रशासन की संकुचित मानसिकता को दर्शाता है।

सेवाग्राम आश्रम जाकर विवि प्रशासन की सदबुद्धि के लिए करेंगे प्रार्थना : विद्यार्थियों ने सेवाग्राम आश्रम में जाकर प्रार्थना करने का फैसला किया है ताकि विवि प्रशासन को सद्बुद्धि मिल सके। विद्यार्थियों ने यह भी बताया कि स्थानीय पुलिस व अधिकारियों से अनुमति की प्रतीक्षा में हैं, जैसे ही अनुमति मिलती है तब विश्वविद्यालय से 8 किलोमीटर दूर सेवाग्राम आश्रम तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला जाएगा। यदि मंजूरी नहीं दी जाती है तो हमलोग व्यक्तिगत रूप से सेवाग्राम आश्रम जाएंगे और प्रायश्चित के लिए वहां दैनिक प्रार्थना सभा में भाग लेंगे। विश्वविद्यालय के अधिकारियों के लिए ज्ञान मांगेंगे, जो भूल जाते हैं कि संस्थान गांधीजी को समर्पित है।

ट्वीटर पर भी किया गया विरोध

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष अधिवक्ता चारुलता टोकस ने ट्वीट किया कि महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा में आयोजित गांधी की पुण्यतिथि कार्यक्रम का प्रशासन द्वारा विरोध किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। महाराष्ट्र राज्य विधानसभा के विपक्ष के नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री विजय वडेट्टीवार ने भी ट्वीट कर लिखा कि जब राज्य में ऐसी सरकार है, जो नाथूराम गोड़से का महिमामंडन करने वालों का समर्थन करती है तो वे उनसे और क्या उम्मीद कर सकते हैं?

एनएसयूआई के महाराष्ट्र राज्य अध्यक्ष अधिवक्ता अमीर शेख ने भी ट्वीट किया कि महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा महाराष्ट्र में छात्रों के द्वारा आयोजित गांधी शहादत कार्यक्रम का विश्विद्यालय प्रशासन द्वारा विरोध किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। गांधी की कर्मभूमि में यह कृत्य गांधीजी की आत्मा के साथ हम सब भी शर्मिंदा हैं।

इंकलाब छात्र संगठन ने निकाली गांधी न्याय यात्रा

हिंदी विवि प्रशासन के विरोध में बुधवार को इंकलाब छात्र संगठन ने महात्मा गांधी प्रतिमा से बापूकुटी सेवाग्राम तक गांधी न्याय यात्रा निकाली तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के सद्बुद्धि के लिये प्राथना की। इस समय दिनेश राजपुरोहित, जतिन चौधरी, विशाल सियाह, धर्मपाल उपाध्याय,साहिल सुथार, राहुल राय और आदित्य स्वराज मौजूद थे।

प्रशासन ने मना किया था

बी एस मिरगे, जनसंपर्क अधिकारी, हिंदी विवि के मुताबिक विश्व को अहिंसा का पाठ पढ़ानेवाले महात्मा गांधी की शहादत दिवस पर मुख्य कार्यक्रम मंगलवार की सुबह 11 बजे रखा गया था। इस कार्यक्रम में अधिकारी, प्राध्यापक व छात्रों को बुलाया गया था। कुछ छात्र उस कार्यक्रम में नहीं आते हुए शाम 6 बजे के बाद विवि परिसर में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि करने आए थे। इसके लिए विवि प्रशासन ने मना किया था। कार्यालयीन समय में पुण्यतिथि कार्यक्रम मनाने के लिए कुछ छात्र नहीं आये थे। जिससे उक्त परिस्थिति निर्माण हुई।


Created On :   1 Feb 2024 11:04 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story