यवतमाल: अलग अलग हादसे - नहाने गया युवक नदी में बहा, तो नाली में गिरे युवक की गई जान

अलग अलग हादसे - नहाने गया युवक नदी में बहा, तो नाली में गिरे युवक की गई जान
  • नहाने गया युवक नदी में बहा
  • दहेगांव (गोंडी) में नाली में गिरे युवक की गई जान

डिजिटल डेस्क, मुकुटबन (यवतमाल). धूलिवंदन के दिन दोस्तों के साथ रंग खेलने के बाद पैनगंगा नदी में नहाने के लिए गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। उसका शव नदी के दूसरे छोर पर चंद्रपुर जिले के कोरपना पुलिस थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह में मिला। मृतक का नाम प्रदीप गजानन बांजलावार (23) निवासी मुकुटबन बताया गया है। यह घटना पैनगंगा नदी के परसोडा घाट पर सोमवार शाम 4 बजे घटी। जानकारी के अनुसार रंगपंचमी के दिन एक-दूसरे को रंग लगाने के बाद 5-6 दोस्त मिलकर कुछ किमी दूर पैनगंगा नदी के परसोडा घाट पर नहाने के लिए गए थे। इस बीच प्रदीप को पानी की गहराई का अनुमान नहीं आने से वह पानी में डूबने लगा। यह देखकर उसके दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, मगर पानी के तेज प्रवाह में वह बह गया। यह खबर गांव में फैलते ही सैकड़ों लोग नदी के परसोडा घाट की ओर दौड़े। कुछ लोगांे ने मुकुटबन थाने में घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही मुकुटबन थाने के पीएसआई प्रवीण हिरे, दीपक ताठे ने अपने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटना का पंचनामा किया तथा परसोड़ा के मछुआरांे की मदद से उसकी खोजबीन की। तीन घंटे के प्रयास के बाद नदी के दूसरे छोर पर कोरपना पुलिस थाना क्षेत्र में उसका शव मिला। जिससे कोरपना पुलिस ने मौके का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरपना ग्रामीण अस्पताल में भेज दिया। मृतक प्रदीप यह उसके माता-पिता का इकलौता पुत्र था। इस घटना से बांजलावार परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पोस्टमार्टम के बाद उसका शव परिजनों को सौंपा गया। इस घटना से मुकुटबन क्षेत्र में शोक की लहर फैली है।

दहेगांव (गोंडी) में नाली में गिरे युवक की गई जान

उधर आर्वी में होली के दिन अपने दोस्तों के साथ शराब की पार्टी मनाने गए एक युवक की नाली में गिरने से मौत हो गई। मृतक का नाम धीरज बंडूजी खडसे(28),दहेगांव (गोंडी) निवासी बताया गया है। यह घटना आर्वी तहसील के ग्राम खरांगणा समीप दहेगांव (गोंडी)में सोमवार,25 मार्च की सुबह में उजागर हुई। जानकारी के अनुसार रविवार,24 मार्च को होली के दिन धीरज खडसे अपने दाेस्तों के साथ शराब की पार्टी करने के लिए गया था। सोमवार की सुबह में वह नाली में मृत अवस्था में पाया गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही खरांगणा पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम करने के लिए अस्पताल में भेज दिया। इस समय मृतक के परिजनों ने धीरज की मृत्यु को लेकर संदेह जताते हुए इस प्रकरण की कडी जांच करने की मांग की है। बताया गया कि फरियादी बंडू खडसे को दो पुत्र व एक पुत्री होकर धीरज उनका छोटा पुत्र था। धीरज के अचानक मृत्यु के कारण खडसे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


Created On :   27 March 2024 12:32 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story