IPL Controversies: 'हरभजन सिंह के थप्पड़ कांड से लेकर विराट और गंभीर के बीच हुई तीखी बहस तक...' ये हैं आईपीएल इतिहास के 5 सबसे बड़े विवाद

हरभजन सिंह के थप्पड़ कांड से लेकर विराट और गंभीर के बीच हुई तीखी बहस तक... ये हैं आईपीएल इतिहास के 5 सबसे बड़े विवाद
पिछले 18 साल के इतिहास में आईपीएल में कई बड़े विवाद देखे गए हैं, लेकिन उनमें से पांच ऐसे हैं जिन्हें भूल पाना फैंस के लिए मुश्किल होगा।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। आईपीएल भारत ही नहीं दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग बन गया है। टूर्नामेंट में भारत ही बल्कि दुनिया के सबसे बेहतरीन क्रिकेटर्स हिस्सा लेते हैं। हर साल इस मेगा लीग में रनों का अंबार विकेटों की झड़ी और खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस देखने को मिलती है। इस तरह फैंस को मैदान पर रोमांच और ड्रामा का डबल डोज देखने को मिलता है।

आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से हो रहा है, ओपनिंग मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। आईपीएल दुनिया की जितनी बड़ी लीग है, जितनी उसकी लोकप्रियता है, उतने ही उसमें विवाद भी सामने आते रहते हैं। पिछले 18 साल के इतिहास में आईपीएल में कई बड़े विवाद देखे गए हैं, लेकिन उनमें से पांच ऐसे हैं जिन्हें भूल पाना फैंस के लिए मुश्किल होगा। आइए जानते हैं उनके बारे में...

हरभजन का थप्पड़ कांड

आईपीएल का पहला सीजन साल 2008 में खेला गया था। इस सीजन में मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच खेला गया मैच हमेशा के लिए यादगार बन गया। इस मैच में पंजाब ने 66 रन से जीत हासिल की। मैच पंजाब की जीत और मुंबई की हार के लिए नहीं बल्कि हरभजन सिंह के थप्पड़ कांड के लिए यादगार बन गया।

दरअसल, मैच के बाद जब दोनों टीमें हैंडशेक कर रही थीं, तब हरभजन सिंह ने एस श्रीसंत को थप्पड़ मार दिया। इस घटना का वीडियो करीब 17 साल तक सामने नहीं आया। लेकिन पिछले साल आईपीएल के पूर्व चैयरमेन ललित मोदी ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जारी कर दिया था। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कैसे हाथ मिलाने के दौरान हरभजन ने श्रीसंत को थप्पड़ मार दिया था। हालांकि हरभजन सिंह कई बार अपनी इस हरकत पर श्रीसंत से सार्वजनिक तौर पर माफी मांग चुके हैं। अब दोनों के रिश्ते पहले से बेहतर हो चुके हैं।

विराट कोहली-गौतम गंभीर फाइट

अपने एग्रेशन वाले खेल के लिए प्रसिद्ध विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच आईपीएल 2013 में मैदान पर तीखी नोकझोक देखने को मिली थी। केकेआर और आरसीबी के बीच हुए इस मैच में जब विराट कोहली आउट होकर जब पवेलियन लौट रहे थे तो गौतम गंभीर ने उनसे गुस्से में कुछ कहा, जिस पर कोहली ने भी उनपर पलटवार किया। इस दौरान दोनों के बीच काफी बहसबाजी हुई थी।

इसके करीब 10 साल बाद आईपीएल 2023 में एक बार फिर दोनों की बीच मैदान पर बहस हुई। इस बार फर्क सिर्फ इतना था कि गंभीर खिलाड़ी नहीं बल्कि लखनऊ सुपर जायंट्स टीम के मेंटॉर थे। इस दो वाक्यों के बाद दोनों की ओर से कई बार सार्वजनिक रूप से यह कहा जा चुका है कि यह सब खेल का हिस्सा है।

शाहरुख खान पर लगा बैन

आईपीएल 2012 में कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक शाहरुख खान विवादों में फंस गए। दरअसल, मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और केकेआर के बीच खेला गया था। इस मैच में अपनी टीम की जीत के बाद शाहरुख खान की सिक्योरिटी गार्ड से बहस हो गई थी। बताया जाता है कि सिक्योरिटी गार्ड ने शाहरुख के बच्चों के साथ गलत व्यवहार किया था। मामले में शाहरुख खाने के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। उधर मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने शाहरुख को वानखेड़े स्टेडियम से 5 साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया था।

आईपीएल 2013 का स्पॉट फिक्सिंग केस

आईपीएल में मैच फिक्सिंग एक गंभीर मुद्दा रहा है, जिसमें 2013 का स्पॉट-फिक्सिंग मामला सबसे प्रमुख है। मामले के सामने आने के बाद आईपीएल ही नहीं पूरा भारतीय क्रिकेट शर्मसार हो गया। बुकी सुनील भाटिया की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में तीन खिलाड़ी एस श्रीसंत, अजीत चंदीला और अंकित चौहान की गिरफ्तारी हुई। मामला उस समय और बड़ा बन गया जब CSK टीम के प्रिंसिपल गुरुनाथ मयप्पन और राजस्थान रॉयल्स टीम के सह-मालिक राज कुन्द्रा को इसमें जुड़ा हुआ पाया। आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग के तार बॉलीवुड एक्टर बिंदु दारा सिंह तक पहुंचे। दोषी पाए गए तीन खिलाड़ी एस श्रीसंत, अजीत चंदीला और अंकित चौहान को प्रतिबंध लगाया गया। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स को दो साल के लिए बैन कर दिया गया।

अंपायरों से भिड़े धोनी

मिस्टर कूल या फिर कैप्टन कूल के नाम प्रसिद्ध एमएस धोनी ने आईपीएल 2019 के एक मैच के दौरान अपना आपा खोया था। दरअसल, चेन्नई और राजस्थान के बीच खेले गए एक मैच में CSK को आखिरी ओवर में जीत के लिए 18 रन बनाने थे। धोनी डगआउट में बैठे थे, तभी RR के गेंदबाज रहे बेन स्टोक्स ने एक फुलटॉस गेंद फेंकी जो धोनी के अनुसार नो-बॉल थी। अंपायर ने पहले उसे नो-बॉल करार दिया, लेकिन स्क्वायर लेग पर खड़े अंपायर ने लीगल बॉल का इशारा किया। जब फैसला बदला गया तो धोनी मैदान में आए और अंपायर से भिड़ने लगे। इस घटना के लिए धोनी पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था।

Created On :   16 March 2026 8:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story