PAK vs BAN: पाकिस्तान की हार का सिलसिला जारी, तीसरे वनडे में बांग्लादेश ने दी शिकस्त, सीरीज 2-1 से अपने नाम की

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बांग्लादेश ने तीसरे वनडे मुकाबले में पाकिस्तान को 11 रन से हरा दिया। इसी के साथ मेजबान बांग्लादेश ने तीन मैचों की सीरीज में 2-1 से कब्जा जमा लिया। पाकिस्तान के लिए सलमान आगा ने शानदार शतक लगाया, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। ढाका में खेले गए इस निर्णायक मुकाबले में बांग्लादेश ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 290 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम निर्धारित 50 ओवरों में 279 रन ही बना सकी।
बांग्लादेश की तरफ से तंजीद हसन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर रहे। उन्होंने 107 गेंद में 107 रन की शानदार पारी खेली। उनके अलावा लिटन दास ने 41 और तौहीद हृदय ने 48 रन की पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से हारिस रऊफ ने 3 विकेट लिए, जबकि शाहीन अफरीदी और अबरार अहमद को एक-एक विकेट मिला।
रोमांचक मुकाबले में हारी पाकिस्तान
291 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने केवल 17 रन पर अपने 3 विकेट गंवा दिए। 82 रन तक आते-आते टीम ने अपने 5 विकेट गंवा दिए। इसके बाद सलमान आगा ने साद मसूद के साथ 79 रन की साझेदारी कर टीम को संकट से निकाला। सलमान ने साद मसूद के बाद फहीम अशरफ के साथ मिलकर 48 रन और शाहीन अफरीदी के साथ भी 52 रनों की पार्टनरशिप की। देखते ही देखते पाकिस्तान टारगेट के करीब पहुंच गई। लेकिन तभी 48वें ओवर में सलमान आगा 106 के स्कोर पर आउट हो गए।
तस्कीन ने लगाया विकेटों का चौका
अंतिम 2 ओवरों में पाकिस्तान को जीत के लिए 28 रन बनाने थे। 49वें ओवर की पहली तीन गेंदों पर शाहीन अफरीदी 2 छक्के लगा दिए। मगर मुस्तफिजुर रहमान ने जबरदस्त वापसी करते हुए ओवर की आखिरी गेंद पर हारिस रऊफ को आउट कर दिया। बाकी काम रिशाद हुसैन ने पूरा कर दिया। उन्होंने 50वें ओवर में उन्होंने अफरीदी को कसी हुई गेंदबाजी की, जिसकी वजह से रन नहीं बन सके।
बांग्लादेश के लिए तस्किन अहमद ने सबसे ज्यादा विकेट झटके। उन्होंने 10 ओवर में 49 रन देकर 4 विकेट लिए। उनके अलावा मुस्तफिजुर रहमान को 3 विकेट, नाहिद राणा को 2 विकेट और रिशाद हुसैन को 1 विकेट मिला।
Created On :   16 March 2026 12:09 AM IST













