Pakistan Cricket: पाकिस्तान के इस धांसू बल्लेबाज ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा, अपनी कप्तानी में पाकिस्तान को जिताई थी चैंपियंस ट्रॉफी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। उनका करियर करीब दो दशक का रहा। इस दौरान उन्होंने टेस्ट, वनडे और टी20 फॉर्मेट में 6 हजार से ज्यादा रन बनाए। सरफराज ने लंबे समय तक पाकिस्तान की कप्तानी भी की। उनके कप्तानी में ही पाकिस्तान ने फाइनल मैच में भारत को 180 रन के बड़े अंतर से हराकर 2017 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया था।
ऐसा रहा करियर
38 साल के सरफराज अहमद ने 2007 में इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 54 टेस्ट, 117 वनडे और 61 टी-20 इंटरनेशनल खेले। तीनों फॉर्मेट में उनके नाम 6164 रन हैं। इस दौरान उन्होंने 6 शतक और 35 अर्धशतक लगाए। विकेट के पीछे उन्होंने 315 कैच और 56 स्टंपिंग कीं।
सरफराज कम समय में ही पाकिस्तान के कप्तान बना दिए गए थे। उन्होंने 100 इंटरनेशनल मैचों में पाकिस्तान की कप्तानी की। इनमें 50 वनडे, 37 टी-20 और 13 टेस्ट शामिल हैं। चैंपियंस ट्रॉफी के अलावा उनकी कप्तानी में पाकिस्तान टी-20 इंटरनेशनल रैंकिंग में नंबर-1 बना। इस दौरान टीम ने लगातार 11 टी-20 सीरीज जीती थी, जो कि वर्ल्ड रिकॉर्ड था। संन्यास का ऐलान करते हुए सरफराज ने कहा कि पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है।
बन सकते हैं कोच
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सरफराज को पाकिस्तान टेस्ट टीम का नया कोच बनाया जा सकता है। वह मई 2026 में बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज से अपने कोचिंग कार्यकाल की शुरुआत करेंगे। इससे पहले सरफराज पाकिस्तान अंडर-19 और पाकिस्तान शाहीन टीम के कोच का पद संभाल चुके हैं।
Created On :   15 March 2026 7:47 PM IST












