SA Vs NZ 1st T20: साउथ अफ्रीका ने लिया वर्ल्डकप की हार का बदला, पहले टी20 में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से रौंदा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज खेली जा रही है। सीरीज के पहले मैच में साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से जीत मिली। इसी के प्रोटियाज टीम ने न्यूजीलैंड से टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में मिली हार का बदला भी ले लिया।
रविवार (15 मार्च) को माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर खेले गए मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला किया। हालांकि टीम का यह निर्णय गलत साबित हुआ। कीवी टीम 14.3 ओवर में सिर्फ 91 रन पर सिमट गई। वहीं, 92 रन का आसान सा टारगेट साउथ अफ्रीका ने 16.4 ओवर में 3 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। इसी के साथ साउथ अफ्रीका ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। सीरीज का दूसरा मुकाबला 17 मार्च को हैमिल्टन में खेला जाएगा।
यह भी पढ़े -पाकिस्तान के इस धांसू बल्लेबाज ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा, अपनी कप्तानी में पाकिस्तान को जिताई थी चैंपियंस ट्रॉफी
बुरी तरह फ्लॉप हुए न्यूजीलैंड के बैटर्स
मैच में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने बेहद खराब प्रदर्शन किया। टीम के हाईएस्ट रन स्कोरर जेम्स नीशम रहे, जिन्होंने 21 गेंदों पर 26 रन बनाए। उनके अलावा कप्तान मिचेल सैंटनर ने 19 गेंदों पर 15 रन, कोल मैकॉन्ची ने 11 गेंदों पर 15 रन और बेवॉन जैकब्स ने 7 गेंदों पर 10 रन की पारी खेली। टीम के बाकी 7 बैटर दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाए।
साउथ अफ्रीका की ओर से डेब्यू कर रहे नकोबानी मोकोएना सबसे सफल बॉलर रहे। उन्होंने 3 विकेट झटके। इसके अलावा जेराल्ड कूट्जी और ओटनील बार्टमैन को 2-2 सफलता मिलीं। केशव महाराज ने भी 2 विकेट लिए।
साउथ अफ्रीका की एकतरफा जीत
92 रन का टारगेट साउथ अफ्रीका ने 16.4 ओवर में हासिल कर लिया। साउथ अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा रन कॉनर एस्टरहुइजन ने बनाए। उन्होंने नबाद 45 रन की पारी खेली। न्यूजीलैंड के लिए 1-1 विकेट काइल जैमीसन, जकारी फाउल्केस और मिचेल सैंटनर ने लिए।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
न्यूजीलैंड - डेवोन कॉन्वे, टॉम लैथम (विकेटकीपर), टिम रॉबिन्सन, निक केली, बेवॉन जैक्बस, जेम्स नीशम, कोल मैकॉन्ची, मिचेल सैंटनर (कप्तान), काइल जेमीसन, जकारी फॉल्कस, बेन सियर्स।
साउथ अफ्रीका - कॉनर एस्टरहुइजन (विकेटकीपर), जॉर्डन हरमन, टोनी डी जॉर्जी, रुबिन हरमन, जेसन स्मिथ, डियान फॉरेस्टर, जॉर्ज लिंडे, जेराल्ड कूट्जी, केशव महाराज (कप्तान), नकोबानी मोकोएना, ओटनील बार्टमैन।
Created On :   15 March 2026 8:17 PM IST












