IPL Vs PSL: आईपीएल के सामने कहीं नहीं टिकता पीएसएल, दोनों की ब्रांड वैल्यू में जमीन-आसमान का अंतर

डिजिटल डेस्क, भोपाल। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की गिनती दुनिया की सबसे बड़ी स्पोर्ट्स लीगों में होती है। इस मेगा लीग में भाग लेने वाले खिलाड़ियों पर शोहरत के साथ पैसों की भी जमकर बारिश होती है। इस साल आईपीएल के सामने पाकिस्तान की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग पीएसएल (पाकिस्तान सुपर लीग) है। जहां एक तरफ पीएसएल सीजन-11 की शुरुआत 26 मार्च से हो रही है तो वहीं आईपीएल का आगाज 28 मार्च से हो रहा है। एक ही समय पर खेली जाने वाली इन लीगों का एक दूसरे पर पड़ सकता है। हालांकि आईपीएल को पीएसएल से कोई खास नुकसान नहीं होगा लेकिन पीएसएल बहुत बड़े घाटे में जा सकता है। दरअसल, आईपीएल में इंडियन प्लेयर्स के साथ विदेश के नामी प्लेयर्स खेलते हैं। इसका सीधा असर पीएसएल की व्यूअरशिप पर पड़ सकता है। आइए जानते हैं दोनों टीमों की ब्रांड वैल्यू में कितना अंतर है?
पीएसएल बनाम आईपीएल
बात करें आईपीएल की तो इसका आगाज 2008 में हुआ था। 2025 में फाइनेंशियल एक्सप्रेस में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक आईपीएल की ब्रांड वैल्यू 18.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर है। भारतीय रुपयों में यह रकम करीब 1.56 लाख करोड़ रुपये के बराबर है। वहीं, दूसरी तरफ पीएसएल की ब्रांड वैल्यू पर नजर डालें तो आईपीएल के सामने यह बौनी नजर आती है। 2016 में शुरू हुई पाकिस्तान सुपर लीग की ब्रांड वैल्यू 150-200 मिलियन अमेरिकी डॉलर के बीच बताई जाती है। भारतीय मुद्रा में यह करीब 1,840 करोड़ रुपये होगी। इन आंकड़ों के आधार पर आईपीएल ब्रांड वैल्यू के मामले में पीएसएल से करीब 93 गुना आगे है।
क्या है कमाई का सबसे बड़ा जरिया?
आईपीएल और पीएसएल सबसे ज्यादा कमाई ब्रॉडकास्टिंग राइट्स के जरिए करती हैं। इस साल पीएसएल के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स 4 साल के लिए Walee Technologies को करीब 93 मिलियन डॉलर्स में बेचे गए थे। वहीं दूसरी तरफ 2023 से लेकर 2027 के लिए आईपीएल के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स वायाकॉम डिजिटल और डिजनी स्टार को 48,390 करोड़ रुपये में बेचे गए थे। इस मामले में भी पीएसएल आईपीएल से बहुत पीछे है। इसके अलावा स्पॉन्सरशिप, टिकट सेल्स और फ्रेंचाइजी फीस से भी आईपीएल पीएसएल के मुकाबले कही ज्यादा कमाई कर लेती है।
Created On :   16 March 2026 9:08 PM IST













