IPL 2026: आरसीबी फैंस को मिली खुशखबरी, चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाएंगे आईपीएल मैच, जानें क्यों लगी थी रोक?

आरसीबी फैंस को मिली खुशखबरी, चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाएंगे आईपीएल मैच, जानें क्यों लगी थी रोक?
आईपीएल 2026 को शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। इससे पहले डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को बड़ी खुशखबरी मिली है।

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। आईपीएल 2026 को शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। इससे पहले डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को बड़ी खुशखबरी मिली है। कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल के मुकाबले कराने की परमिशन दे दी है। बता दें कि इसी स्टेडियम में आईपीएल का ओपनिंग मैच सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच 28 मार्च को खेला जाएगा।

एक्सपर्ट्स कमेटी ने सरकार को सौंपी रिपोर्ट

कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) की ओर से इसकी पुष्टि की गई। एसोसिएशन के प्रवक्ता विनय मृत्युंजय ने बताया कि एक्सपर्ट कमेटी की सिफारिशों और तैयारियों की समीक्षा के बाद यह मंजूरी दी गई है। उन्होंने बताया कि 13 मार्च को कमेटी ने चिन्नास्वामी स्टेडियम का निरीक्षण किया था। वह वहां के बुनियादी ढांचे के बदलाव से संतुष्ट थी।

इसके बाद कमेटी ने अपनी रिपोर्ट कर्नाटक सरकार को दी जिसके बाद स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल मैच आयोजित करने की परमिशन दे दी।

KSCA की ओर से जारी बयान में कहा गया, 'हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि आज सुबह विधानसभा में कर्नाटक के गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर की अध्यक्षता में एक्सपर्ट्स कमेटी और केएससीए, आरसीबी और डीएनए के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। मीटिंग के दौरान एक्सपर्ट कमेटी ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की सुरक्षा और तैयारियों पर अपनी रिपोर्ट पेश की।'

KSCA की ओर से आगे बयान में कहा गया, 'एक्सपर्ट्स की सिफारिशों के आधार पर और व्यवस्थाओं का पूरा जायजा करने के बाद गृह मंत्री ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल 2026 के मैचों के आयोजन के लिए मंजूरी दे दी है।'

क्यों लगी थी रोक?

बता दें कि पिछले साल RCB की पहली IPL ट्रॉफी जीत के बाद चेन्नास्वामी में विक्ट्री परेड हुई थी। लेकिन, स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ की वजह से भगदड़ मच गई। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इस घटना की जांच के लिए जस्टिस जॉन माइकल डी कुन्हा की अगुवाई में एक कमेटी का गठन किया गया था। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में चिन्नास्वामी स्टेडियम को बड़े आयोजनों के लिए असुरक्षित बताया था। इसके बाद इस ग्राउंड से ICC महिला वर्ल्ड कप 2025 और महाराजा टी-20 ट्रॉफी के मैच दूसरी जगह शिफ्ट किए गए थे।

Created On :   16 March 2026 4:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story