IPL 2026: क्या GT Vs DC मैच में हुई मैच फिक्सिंग? जीता हुआ मैच हारने को लेकर दिल्ली पर उठ रहे सवाल, जानें पूरा मामला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में अभी तक का सबसे रोमांचक मुकाबला बुधवार (8 अप्रैल) को दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया। इस करीबी मुकाबले में गुजरात को 1 रन से जीत हासिल हुई। लेकिन इस जीत के बाद आईपीएल आलोचना का शिकार हो रहा है। दरअसल, दिल्ली कैपिटल्स को आखिरी दो गेंद पर जीत के लिए दो रन बनाने थे। सामने थे मैच में जबरदस्त बैटिंग कर रहे डेविड मिलर, लेकिन वह आखिरी दो गेंद पर दो रन भी नहीं बना पाए। वहीं, 19वें ओवर को लेकर भी सोशल मीडिया पर लोगों ने दावा किया है कि मिलर ने छक्का लगाया था, लेकिन अंपायर ने उसे चौका दिया।
चौके और रन आउट पर उठ रहे सवाल
सोशल मीडिया पर फैंस दिल्ली की पारी के 19वें ओवर पर बहस कर रहे हैं। इस ओवर की पहली ही गेंद पर मिलर ने हवाई शॉट लगाया। अंपायर ने इसे चौका करार दिया। इसे लेकर दावा किया जा रहा है कि वह सिक्स था और गेंद सीधी एड कुशन पर गिरी थी। सोशल मीडिया पर कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि अंपायर ने जल्दबाजी में उसे देखा नहीं और चौका दे दिया, जबकि वो छक्का था।
इसके साथ ही आखिरी ओवर की दो गेंदों पर भी चर्चा हो रही है। इस ओवर की पांचवी गेंद पर मिलर का आसान सा रन न दौड़ा पाना भी फिक्सिंग से जोड़ा जा रहा है। वहीं एक अन्य फैन ने दावा किया कि आखिरी बॉल पर कुलदीप यादव रनआउट नहीं हुए थे। उसे ज्यादा एंगल से देखा जाना चाहिए था। वह फैसला भी जल्दबाजी में ले लिया गया। हालांकि उनका यह दावा बिल्कुल गलत है। कुलदीप लाइन से वाकई बहुत दूर थे और रन आउट हो गए थे।
बात करें मिलर के आखिरी दो गेंदों पर रन न बना पाने की तो शायद उनकी मानसिकता यह रही होगी कि मैच सुपर ओवर तक न जा पाए और वह पांचवी ही गेंद पर बड़ा शॉट लगाकर टीम को जिता दें। लेकिन चीजें उनकी उम्मीद के मुताबिक नहीं हो पाईं।
Created On :   9 April 2026 6:56 PM IST












