Match Preview: आईपीएल में आज कोलकाता और लखनऊ की टक्कर, पहली जीत तलाश में KKR, जानें संभावित प्लेइंग-11 से लेकर सब कुछ

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। आईपीएल 2026 जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है वैसे-वैसे रोमांच भी बढ़ता जा रहा है। फैंस को हर दिन एक से बढ़कर एक मैच देखने को मिल रहे हैं। आज टूर्नामेंट का 15वां मैच लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच होगा। यह मुकाबला कोलकाता के होम ग्राउंड ईडन गार्डन्स में शाम 7.30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7 बजे फेंका जाएगा।
पहली जीत की तलाश में KKR
तीन बार चैंपियन केकेआर अभी तक इस सीजन में तीन मैच खेले हैं, जिनमें से एक में भी उसे जीत नहीं मिल पाई है। टीम की कोशिश इस मैच में जीत दर्ज करने की होगी। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स ने दो में से एक मैच जीता जबकि एक हारा है। टीम अपना पिछला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से जीतकर आई है।
हेड टू हेड किस टीम का पलड़ा भारी?
हेड टू हेड पर नजर डालें तो आईपीएल में अब तक लखनऊ और कोलकाता का आमना-सामना 6 बार हुआ है। इनमें से लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम 4 मैच जीतने में कामयाब रही है। वहीं, कोलकाता को केवल दो ही मुकाबलों में जीत मिली है। मौजूदा सीजन की बात करें तो अभी तक प्रदर्शन को देखते हुए लखनऊ का पलड़ा भारी माना जा रहा है।
पिच और वेदर रिपोर्ट
ईडन गार्डन्स की पिच बैटर्स के लिए मददगार मानी जाती है। नई गेंद से यहां तेज गेंदबाजों को बाउंस मिलता है, लेकिन गेंद पुरानी होने पर वह बल्ले पर अच्छे से आने लगती है। ऐसे में बात करें टॉस जीतने वाली टीम की तो वह पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी। ग्राउंड के पिछले रिकॉर्ड को देखें तो यहां रन चेज ज्यादा देखे गए हैं।
पिछले कुछ दिनों में कोलकाता में बारिश हुई थी। पंजाब और कोलकाता के बीच खेला गया पिछला मैच भी इसी के चलते रद्द हो गया था। लेकिन, आज मैच के समय आसमान के साफ रहने की उम्मीद है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11 और इम्पैक्ट प्लेयर्स
कोलकाता - फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, कैमरून ग्रीन, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, सुनील नरेन, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती और वैभव अरोड़ा।
इम्पैक्ट प्लेयर- अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा
लखनऊ - एडन मार्करम, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), आयुष बदोनी, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, एम सिद्धार्थ, मोहम्मद शमी, आवेश खान और प्रिंस यादव।
इम्पैक्ट प्लेयर- दिगवेश राठी
Created On :   9 April 2026 4:07 PM IST












