WTC New Teams List: अब 12 होगी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप खेलने वाली टीमों की संख्या, इन तीन टीमों को मिल सकती है एंट्री

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 9 की जगह 12 टीमें हिस्सा ले सकती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आईसीसी WTC के फॉर्मेट में बदलाव कर सकती है। आईसीसी का टारगेट क्रिकेट को विश्वभर में खास पहचान दिलाने का है। इसके साथ ही वह 2028 में लॉस एंजेलिस में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए भी एक रोडमैप तैयार कर रहा है।
इन टीमों की होगी एंट्री
अभी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में ऑस्ट्रेलिया, भारत, पाकिस्तान न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और वेस्टइंडीज हिस्सा लेती हैं। इनमें से हर एक टीम 6 सीरीज खेलती है। इनमें से 3 घरेलू जबकि 3 विदेशी जमी पर खेली जाती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब जिम्बाब्वे, अफगानिस्तान और आयरलैंड को भी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में एंट्री मिल सकती है।
दरअसल, इसे लेकर आईसीसी अपनी त्रैमासिक बैठक में फैसला लेने वाली थी। लेकिन कतर के दोहा में 25 से 27 मार्च के बीच होने वाली यह बैठक मिडिल-ईस्ट में चल रहे तनाव के चलते स्थगित हो गई। अब ये बैठक कब होगी, इसके बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन कहा जा है कि इस मीटिंग में टेस्ट चैंपियनशिप और ओलिंपिक 2028 को लेकर बड़े ऐलान हो सकते हैं।
ओलंपिक के लिए क्या है योजना?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आईसीसी दुनिया के सबसे बड़े स्पोर्ट इवेंट ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी को लेकर उत्साहित है। कहा जा रहा है कि इस इवेंट में पुरुष और महिलाओं की स्पर्धा में केवल 6-6 टीम ही भाग लेंगी। जिनमें से एशिया, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, प्रशांत महासागर और अफ्रीकी महाद्वीप से टॉप की टीम शामिल होंगी। वहीं होस्ट होने के नाते यूएस की टीम को इसमें डायरेक्ट एंट्री मिलेगी। छठवीं टीम के फैसले के लिए ग्लोबल क्वालिफाई टूर्नामेंट का आयोजन कराया जाएगा।
Created On :   10 April 2026 12:21 AM IST












