Operation Sindoor: 'अपने सियासी फायदे के लिए पूरे भारत को...', पाकिस्तान क्रिकेटर ने पीएम मोदी को लेकर की विवादित टिप्पणी

- भारत को लेकर लगातार विवादित बयान दे रहे पाकिस्तानी क्रिकेटर
- कामरान अकमल ने पीएम मोदी को लेकर की विवादित टिप्पणी
- तीन दिन चले संर्घष के बाद भारत और पाक के बीच लागू हुआ था सीजफायर
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव जारी है। भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के जरिए मुंह की खाने के बाद भी पाकिस्तान की तरफ से भारत को लगातार गीदड़भभकी दी जा रही है। हार से बौखलाए वहां के नेता से लेकर फिल्म स्टार और क्रिकेटर तक भारत के पीएम और सेना को लेकर विवादित बयान दे रहे हैं या फिर कुछ ऐसा बयान दे रहे हैं जिससे फूट पड़ सके।
इसी क्रम में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज कामरान अकमल भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति ने उसकी सियासत के लिए पूरा भारत दांव पर लगा रखा है। स्थानीय न्यूज चैनल के एक कार्यक्रम में अकमल ने कहा, "हम भारत कई बार दौरे पर गए हैं। भारत अद्भुत लोगों का देश है। एक व्यक्ति अपनी राजनीति के लिए पूरे देश को दांव पर लगा रहा है। लोगों को तय करना होगा कि भारत के लिए क्या बेहतर है, देश को कैसे चलाया जाए, अर्थव्यवस्था को कैसे स्थिर रखा जाए और कैसे संबंध बनाए जाएं।"
कामरान की यह टिप्पणी भारत-पाक के बीच करीब चार दिन चले सीमा संघर्ष के बाद हुए सीजफायर के बाद आई है। उनसे पहले शाहिद अफरीदी और शोएब अख्तर समेत कई क्रिकेटरों ने भारत को लेकर विवादित बयान दिया था। बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान में एयर स्ट्राइक कर कई आतंकवादी शिविरों को नष्ट कर दिया था।
इसके बाद पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए एलओसी के पास स्थित कई रहवासी इलाकों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी की थी, जिसमें नागरिकों की मौत हो गई थी। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के अहम एयरबेसों को निशाना बनाया था। इस बीच पाकिस्तानी सेना ने दावा किया था कि उसने भारत के राफेल विमान को मार गिराया है हालांकि उसने इसका सबूत अभी तक नहीं दिया है। भारत की ओर से भी पाक द्वारा उसके हवाई ठिकानों को नुकसान पहुंचाए जाने के दावों को पूरी तरह से खारिज कर दिया गया।
Created On :   20 May 2025 11:19 AM IST