द्रविड़ की NCA में होगा बदलाव, बुमराह-भुवी की चोट से नाराज गांगुली ने लिया बड़ा फैसला

BCCI to set up medical panel and hire social media expert for under-fire NCA, Sourav Ganguly, Rahul Dravid
द्रविड़ की NCA में होगा बदलाव, बुमराह-भुवी की चोट से नाराज गांगुली ने लिया बड़ा फैसला
द्रविड़ की NCA में होगा बदलाव, बुमराह-भुवी की चोट से नाराज गांगुली ने लिया बड़ा फैसला
हाईलाइट
  • BCCI ने नेशनल क्रिकेट एकेडमी NCA के लिए मेडिकल पैनल बनाने का फैसला किया
  • NCA की पिछले कई दिनों से खिलाड़ियों की चोटों के इलाज से निपटने के तरीके को लेकर आलोचना की जा रही है

डिजिटल डेस्क। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) के लिए मेडिकल पैनल बनाने का फैसला किया है। NCA की पिछले कई दिनों से खिलाड़ियों की चोटों के इलाज से निपटने के तरीके को लेकर आलोचना की जा रही है। जिसको देखते हुए BCCI ने NCA की मदद के लिए एक मेडिकल पैनल और एक समर्पित सोशल मीडिया डिपार्टमेंट बनाने का फैसला किया है। यह फैसला NCA में ओवर ऑल सुधार लाने के लिए लिया गया है। 

NCA की हालिया मीटिंग में हुआ फैसला

NCA की हालिया मीटिंग में एक मेडिकल पैनल की आवश्यकता पर चर्चा की गई। जिसमें सभी BCCI-पदाधिकारियों ने भाग लिया। जिसमें BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली और NCA के प्रमुख राहुल द्रविड़ भी शामिल थे। भारत के टॉप खिलाड़ियों ऋद्धिमान साहा और हाल में भुवनेश्वर कुमार के चोट प्रबंधन के लिए NCA की काफी आलोचना हुई थी, जिसके बाद यह फैसला लिया गया। ऑल राउंडर हार्दिक पंड्या और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने भी बेंगलुरू के बजाय निजी रिहैबिलिटेशन कराया था। जिसने NCA की परेशानियों को बढ़ा दिया।

नियुक्त किया जाएगा तेज गेंदबाजी प्रमुख

BCCI के शीर्ष अधिकारी ने कहा, बीसीसीआई अपना मेडिकल पैनल बनाने के लिए लंदन में स्थित क्लिनिक ‘फोरटियस’ की सलाह लेगा। लंबे समय से खाली ‘तेज गेंदबाजी प्रमुख’ पद पर भी जल्द ही नियुक्ति की जाएगी। जिस पर NCA में तेज गेंदबाजी कार्यक्रम गठित करने की जिम्मेदारी होगी। इसके अलावा बोर्ड बेंगलुरू स्थित सुविधाओं के लिये न्यूट्रिशन हेड भी नियुक्त करेगा।

सोशल मीडिया मैनेजर भी रखा जाएगा

हाल में NCA गलत कारणों से खबरों में रहा और इसके बारे में कोई अधिकारिक बयान भी नहीं आए। इसलिए एकेडमी के लिए सोशल मीडिया मैनेजर भी रखा जाएगा जो NCA के अंदर हो रहे सभी कार्यक्रमों के नियमित अपडेट मुहैया कराएगा। 

भुवनेश्वर की चोट को लेकर हुई थी NCA की आलोचना

बोर्ड अधिकारी ने कहा कि, यह कदम NCA की प्रतिष्ठा सुधारने के लिए उठाया गया है। NCA हाल ही में भुवनेश्वर कुमार के स्पोर्ट्स हर्निया को पहचानने में असमर्थ रहा था। बुमराह और हार्दिक जैसे खिलाड़ियों ने भी NCA स्टाफ पर निर्भर होने के बजाय चोटों से उबरने के लिए बाहर से मदद ली जिसकी खबर आने के बाद NCA की आलोचना हुई थी।

NCA देश में क्रिकेट संबंधित विकास कार्यक्रमों का मुख्य केंद्र रहेगा

सौरव गांगुली ने पहले ही स्पष्ट कर दिया कि, NCA देश में क्रिकेट संबंधित विकास कार्यक्रमों का मुख्य केंद्र रहेगा और भारत के सभी खिलाड़ियों को रिहैबिलिटेशन के लिए बेंगलुरू जाना होगा। उन्हें उम्मीद है कि 18 महीने के अंदर NCA में नई सुविधायें तैयार हो जाएंगी। अन्य नियुक्तियों में ‘डाटा विश्लेषक प्रमुख’ भी शामिल हैं। NCA जल्द ही लेवल दो और लेवल थ्री के कोचिंग कोर्स भी आयोजित करेगा। 

Created On :   2 Jan 2020 8:30 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story