Babar Azam Vs Virat Kohli: बाबर आजम ने विराट कोहली को पीछे छोड़ा, बने सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज

बाबर आजम ने विराट कोहली को पीछे छोड़ा, बने सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम ने भारतीय दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वह टी-20 इंटरनेशनल में विराट को पीछे छोड़ते हुए सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनके नाम अब टी20 में 40 अर्धशतक हो गए हैं जबकि कोहली 39 बार ऐसा कर चुके हैं।

शनिवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए तीन टी20 मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले में बाबर आजम ने 68 रन की पारी खेली। उनकी इस शानदार इनिंग के दम पर पाकिस्तान ने साउथ अफ्रीका को टी20 सीरीज में 2-1 से हरा दिया। बता दें कि यह बाबर का पिछले साल मई के बाद टी20 में पहला अर्धशतक है।

कैसा रहा मैच का हाल

मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मेजबान टीम का यह फैसला सही साबित हुआ और मेहमान टीम 20 ओवर में महज 139 रन पर सिमट गई। साउथ अफ्रीका की तरफ से रीजा हेंड्रिक्स ने 34 और कॉर्बिन बॉश ने 30 रन बनाए। वहीं पाकिस्तान की तरफ से शाहीन अफरीदी ने 3 विकेट लिए।

बाबर की पारी से मिली जीत

140 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरूआत धीमी रही। लेकिन, बाबर ने एक तरफ पारी को संभाले रखा और टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। उनके अलावा कप्तान सलमान आगा ने 33 रन और ओपनर साहिबजादा फरहान ने 19 रन बनाए। पाकिस्तान के 5 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। पिछले मैच में शानदार पारी खेलने वाले ओपनर सईम अयूब 0 पर आउट हो गए। इस दौरान उन्होंने एक शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम किया। दरअसल, अयूब टी20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान की तरफ से सबसे ज्यादा बार 0 पर आउट होने वाले बैटर बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में उमर अकमल की बराबरी की। दोनों ही 10-10 बार 0 पर आउट हुए हैं। उधर, साउथ अफ्रीका की तरफ से कॉर्बिन बॉश और लिजार्ड विलियम्स ने दो-दो विकेट लिए।

Created On :   2 Nov 2025 5:11 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story