मुंबई इंडियंस के सामने दिल्ली कैपिटल्स की चुनौती, सीजन में दोनों ही टीमों को जीत की तलाश

आईपीएल 2023 मुंबई इंडियंस के सामने दिल्ली कैपिटल्स की चुनौती, सीजन में दोनों ही टीमों को जीत की तलाश

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2023 में आज सीजन का 16वां मैच दिल्ली कैपिटल्स (DC) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला जाएगा। मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। इस लीग में वार्नर की कप्तानी में दिल्ली की शुरुआत हार की हैट्रिक के साथ हुई है। वहीं रोहित एंड कंपनी को भी शुरुआती दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। दोनों ही टीम की नज़र पॉइंट्स टेबल में अपने पहले जीत के साथ अंको का खाता खोलने पर होगी।

दिल्ली कैपिटल्स को इस सीजन में पहली जीत की तलाश

दिल्ली कैपिटल्स की इस सीजन में शुरुआत काफी निराशाजनक रही। शुरुआती तीनों मुकाबले में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली को पहले मैच में लखनऊ (LSG) ने 50 रन, दूसरे में गुजरात (GT) ने 6 विकेट और तीसरे में राजस्थान (RR) ने 57 रन से हराया था। आज मुंबई के खिलाफ दिल्ली की टीम जीत का खता खोलने के मकसद से मैदान में खेलने उतरेगी।

मुंबई इंडियंस को मिली पहले दो मैच में एकतरफा हार

रोहित शर्मा की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस की टीम को भी अपने पहले दो मैच में एकतरफा हार का सामना करना पड़ा। मुंबई की टीम को पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आठ विकेट से हराया, वहीं पिछले मैच में धोनी की टीम चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने सात विकेट से हराया था। रोहित एंड कंपनी को भी आज अपने पहले जीत की तलाश रहेगी।

हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम पर खेले जाने वाले इस मुकाबले में फैंस को एक हाई-स्कोरिंग एनकाउंटर देखने को मिल सकता है। दिल्ली की पिच हमेशा से बल्लेबाजों के लिए अनुकूल रहती है। यहां गेंद आसानी से बल्लेबाज़ों के बल्ले पर आती है। मैदान छोटे होने की वजह से बैटर आसानी से बड़े शॉट लगाने में कामयाब हो जाते हैं।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 

दिल्ली कैपिटल्स- डेविड वार्नर (कप्तान), अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), रोवमन पॉवेल, राइली रूसो, मनीष पांडे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, ललित यादव, एनरिक नॉर्त्या, मुकेश कुमार और खलील अहमद।
इम्पैक्ट प्लेयर- पृथ्वी शॉ, सरफराज खान, ईशांत शर्मा।

मुंबई इंडियंस- रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, ट्रिस्टन स्टब्स, टिम डेविड, जेसन बेहरनडॉर्फ, अरशद खान, ऋतिक शौकीन और पीयूष चावला।
इम्पैक्ट प्लेयर्स- विष्णु विनोद, शम्स मुलानी, संदीप वॉरियर।

Created On :   11 April 2023 10:51 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story