मॉर्गन ने तोड़ा ODI मैच में छक्कों का रिकॉर्ड, WC में चौथा सबसे तेज शतक भी लगाया

मॉर्गन ने तोड़ा ODI मैच में छक्कों का रिकॉर्ड, WC में चौथा सबसे तेज शतक भी लगाया
हाईलाइट
  • 17 छक्के लगाकर वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी मॉर्गन ने बनाया
  • इयोन मोर्गन ने WC इतिहास में चौथा सबसे तेज शतक लगाया
  • मॉर्गन ने अफगानिस्तान के खिलाफ केवल 57 गेंदों में शतक लगाया

डिजिटल डेस्क, मैनचेस्टर। इंग्लैंड के वनडे कप्तान इयोन मोर्गन ने मंगलवार को ओल्ड ट्रैफर्ड में विश्व कप के इतिहास में चौथा सबसे तेज शतक लगाया। मॉर्गन ने अफगानिस्तान के खिलाफ केवल 57 गेंदों में शतक लगाया। मॉर्गन ने 71 गेंदों पर 148 रन बनाए। उन्होंने 17 छक्के लगाकर वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। मॉर्गन की इनिंग्स में 102 रन केवल छक्कों से बने। जबकि पूरी पारी पर नजर डाले तो उनके 80% रन चौकों-छक्कों की मदद से आए।

रोहित, गेल, डिविलियर्स को छोड़ा पीछे

छक्के के मामले में मॉर्गन ने वेस्टइंडीज के क्रिस गेल, भारत के रोहित शर्मा और दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स को पीछे छोड़ दिया है जिन्होंने 16-16 छक्के एक वनडे मैच में लगाए थे। वर्ल्ड कप में सबसे कम गेंदों में शतक लगाने के मामले में इंग्लैंड के कप्तान से आगे आयरलैंड के केविन ओ"ब्रायन (50), ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल (51) और दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स (52) है।

केविन ओ"ब्रायन सबसे आगे

आयरलैंड के केविन ओ"ब्रायन ने साल 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ 50 गेंदों में शतक लगाया था। 2015 में ग्लेन मैक्सवेल ने श्रीलंका के खिलाफ 51 गेंदों में शतक लगाया था। एबी डिविलियर्स ने 2015 में ही वेस्टइंडीज के खिलाफ 52 गेंदों में शतक जड़ा था। इसके बाद इयॉन मॉर्गन का नंबर आता है जिन्होंने 2019 में अफगानिस्तान के खिलाफ 57 गेंदों में शतक जड़ा।

इंग्लैंड ने तोड़ा सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड

इंग्लैंड की पारी के दौरान, मॉर्गन 30वें ओवर में बल्लेबाजी के लिए आए। उन्होंने पहली ही गेंद से आक्रमक रुख अपनाया पार्क के चारों और जबरदस्त शॉट लगाए। 32 वर्षीय जो रूट के साथ तीसरे विकेट के लिए उन्होंने 189 रन की साझेदारी की। इंग्लैंड वर्ल्ड कप के एक मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली टीम भी बन गई है। इंग्लैंड ने इस मैच में कुल 25 छक्के लगाए। इससे पहले 2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ वेस्टइंडीज ने एक मैच में 19 छक्के लगाए थे और ये रिकॉर्ड उनके नाम था।

150 रनों से अफगानिस्तान को हराया

बता दें कि ICC वनडे वर्ल्ड कप के 24वां मैच में मेजबान इंग्लैंड ने अफगानिस्तान को 150 रनो के बड़े अंतर से हराया। इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान इयोन मॉर्गन ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 397 रन बनाए। इसके जवाब में अफगानिस्तान की टीम 50 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 247 रन ही बना सकी।

Created On :   18 Jun 2019 7:16 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story