जीत के साथ प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाएगी दिल्ली कैपिटल्स!

आईपीएल 2022 जीत के साथ प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाएगी दिल्ली कैपिटल्स!

डिजिटल डेस्क, मुंबई। दिल्ली कैपिटल्स के लिए समीकरण बहुत आसान है, आज मुंबई इंडियंस को मात दो और सीधे प्लेऑफ में सीट पक्की करो अगर नहीं तो रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर अंतिम-4 में उनकी जगह ले लेंगे।

दरअसल, दिल्ली कैपिटल्स अभी तक 13 मैचों में से 7 में जीत और 14 पॉइंट्स के साथ पॉइंट्स टेबल में पांचवे स्थान पर है वहीं आरसीबी अपना लीग स्टेज 14 मैचों में से 8 में जीत और 16 अंको के साथ समाप्त कर चुकी है।

अगर दिल्ली मुंबई को हरा देती है तो वह भी 16 अंको पर पहुंच जाएगी लेकिन यहां अंतर बनेगा नेट रन-रेट क्योंकि बेंगलुरु का रन रेट माइनस (-0.253) में है वहीं दिल्ली अभी भी +0.251 के साथ आरामदायक स्थिति में है लेकिन उसका मैच जीतना सबसे ज्यादा जरुरी है।

उधर, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के फैंस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मुंबई इंडियंस से गुहार लगा रहे हैं और उसकी जीत के लिए दुआ भी कर रहे है। पुरानी प्रतिद्वंद्विता को कम से कम एक दिन के लिए अलग रखते हुए, आरसीबी मुंबई का समर्थन करेगी।

दरअसल, टूर्नामेंट में बने रहने के लिए रॉयल चैलेंजर्स ने वह सब कुछ किया, जो वह कर सकते थे। अपने आखिरी लीग मैच में गुजरात टाइटंस को हराया। इससे पहले उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है, और अब उनके पास चिंता करने के लिए सिर्फ दिल्ली कैपिटल्स  हैं।

हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स फिलहाल मैदान पर अच्छा क्रिकेट खेल रही है। टीम ने चेन्नई सुपर किंग्स से हार के बाद सीजन में पहली बार पिछले दो मुकाबलो में लगातार जीत हासिल की है।

मिचेल मार्श की शानदार फॉर्म जारी

कोरोना से रिकवर होकर वापस आए  मिचेल मार्श ने टीम के लिए पिछले कुछ मैचों में बेहतरीन बल्लेबाजी की है। पिछले दो मुकाबलो में उन्होंने 67 और 89 रन की ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारियां खेली है, जबकि डेविड वार्नर भी मौजूदा सीजन में लय में नजर आए है।

हालांकि, पृथ्वी शॉ के बीमार होने के कारण, दिल्ली को शीर्षक्रम में कुछ बदलाव करने पड़े हैं, लेकिन पिछले मैच में सरफराज खान की ने 16 गेंदों पर 32 रन की पारी खेलकर मैनेजमेंट की इस चिंता को भी दूर कर दिया।

लेकिन, इस मैच में दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत पर सबकी निगाहें रहने वाली है क्योंकि वह अभी तक इस सीजन में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाए है। क्या ऋषभ भी किंग कोहली की तरह एक महत्वपूर्ण मैच में अपनी फॉर्म हासिल कर पाएंगे?

गेंदबाजी की बात करे तो तेज गेंदबाजों के रूप में एनरिक नॉर्खिया, खलील अहमद और शार्दुल ठाकुर मौजूद है वहीं स्पिन का जिम्मा कुलदीप यादव और अक्षर पटेल के कंधो पर होगा। लार्ड शार्दुल ने पिछले मुकाबले में पंजाब के 4 विकेट चटकाए थे।

हालांकि, टीम के लिए एक अच्छी खबर भी है उधर टाइफाइड से रिकवर कर चुके पृथ्वी शॉ ने टीम कैंप को ज्वाइन कर लिया है। असिस्टेंट कोच शेन वाटसन के अनुसार पृथ्वी शनिवार के मैच के लिए उपलब्ध हो सकते है।

जीत के साथ खराब सीजन का अंत करना चाहेगी मुंबई

पांच बार की आईपीएल चैंपियन के लिए इतिहास का सबसे खराब मौजूदा सीजन ही रहा है, हालत यह रही कि टीम अपने शुरुआती 8 मैच हारकर मिड-सीजन में ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी।

हालांकि, भविष्य में टीम बनाने के लिए टीम को कुछ सकारात्मक पॉइंट्स भी मिले है। मध्य क्रम में टिम डेविड का योगदान और सीजन में युवा तिलक वर्मा का उभरना भविष्य में फ्रैंचाइजी के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा। वर्मा ने इस सीजन में मुंबई के लिए सबसे ज्यादा 376 रन बनाए है।  

ऐसी हो सकती है प्लेइंग-11

मुंबई इंडियंस:  रोहित शर्मा (कप्तान),  ईशान किशन (विकेटकीपर),  तिलक वर्मा,  रमनदीप सिंह,  ट्रिस्टन स्टब्स,  टिम डेविड,  डेनियल सैम्स,  संजय यादव,  जसप्रीत बुमराह,  रिले मेरेडिथ,  मुरुगन अश्विन/मयंक मार्कंडे

दिल्ली कैपिटल्स:  डेविड वार्नर,  सरफराज खान,  मिशेल मार्श,  ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर),  ललित यादव,  रोवमैन पॉवेल,  अक्षर पटेल,  शार्दुल ठाकुर,  कुलदीप यादव,  एनरिक नॉर्खिया, खलील अहमद

Created On :   21 May 2022 9:18 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story