IPL 2025: 'कोई बातचीत नहीं चल रही..गलत है 17 हजार करोड़ की डील का दावा', यूनाइटेड स्पिरिट ने RCB को बेचने की खबरों को बताया निराधार

- आरसीबी को 17 हजार करोड़ में बेचे जाने की खबरें हो रहीं वायरल
- टीम की मालिक यूएसएल ने खबरों को किया खारिज
- 2008 में विजय माल्या ने 476 करोड़ में खरीदा था
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मैकडॉवल्स व्हिस्की बनाने वाली कंपनी यूनाइटेड स्पिरिट ने उन खबरों को बेबुनियाद बताया है जिनमें दावा किया जा रहा था कि वह आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को बेच रही है। कंपनी ने कहा, 'हम बताना चाहते हैं कि RCB की हिस्सेदारी बेचने की खबरें पूरी तरह से अनुमान पर आधारित हैं। कंपनी इस तरह की कोई चर्चा नहीं कर रही है।'
दरअसल, मंगलवार को ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह दावा किया गया था कि यूनाइटेड स्पिरिट (USL) आरसीबी को 2 अरब डॉलर यानी लगभग 17 हजार करोड़ रुपए में बेचने पर विचार कर रही है। बता दें कि यूएसएल पहले विजय माल्या की कंपनी थी, उनके दिवालिया होने पर इसे ब्रिटिश शराब कंपनी डियाजियो ने खरीद लिया था।
तो होता आईपीएल का सबसे बड़ा सौदा
यदि डियाजियो के आरसीबी को बेचने का दावा सच होता तो यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सौदा हो जाता। अभी आईपीएल में सबसे महंगी टीम लखनऊ सुपर जायंट्स है। जिसे साल 2021 में RPSG ग्रुप ने 7,090 करोड़ रुपए में खरीदा था। इसी साल गुजरात को भी CVC कैपिटल ने 5,625 करोड़ रुपए में खरीदा था। यह दोनों आईपीएल के अब तक के इतिहास की सबसे बड़ी फ्रैंचाइजी खरीद डील्स हैं। यदि यूएसएल आरसीबी को 17 हजार करोड़ में बेचती तो यह आईपीएल हिस्ट्री की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी डील होती।
माल्या ने 476 करोड़ में खरीदी थी टीम
आरसीबी को 476 करोड़ यानी करीब 111.6 मिलियन डॉलर में विजय माल्या ने खरीदा था। यह उस समय की आईपीएल की दूसरी सबसे महंगी टीम थी। इसके बाद साल 2014 में डियाजियो ने यूएसएल में बड़ी हिस्सेदारी खरीदी और दो साल बाद माल्या के अलग होने के बाद इसकी पूरी हिस्सेदारी डियाजियो के पास आ गई। वर्तमान में RCB का संचालन USL की सब्सिडियरी रॉयल चैलेंजर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (RCSPL) करती है।
Created On :   10 Jun 2025 6:42 PM IST