Suryakumar Yadav Emotional Post: 'थैंक्यू..' आखिर अचानक क्यों भावुक हुए सूर्यकुमार यादव? चर्चा में पूर्व कप्तान का इमोशनल पोस्ट

थैंक्यू.. आखिर अचानक क्यों भावुक हुए सूर्यकुमार यादव? चर्चा में पूर्व कप्तान का इमोशनल पोस्ट
आयरलैंड के खिलाफ टीम इंडिया को मिली हार के बाद पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव का सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है जिसकी खूब चर्चा हो रही है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम को आयरलैंड के खिलाफ खेली दो मैचों की टी20 सीरीज में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। यह किसी भी इंटरनेशनल सीरीज में आयरलैंड के खिलाफ टीम इंडिया को मिली पहली हार है। यह इंडियन टी20 टीम के नए कप्तान श्रेयस अय्यर की पहली सीरीज थी। वहीं, आयरलैंड के खिलाफ मिली इस हार के बाद भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है जिसकी खूब चर्चा हो रही है। आइए जानते हैं उन्होंने इसमें क्या लिखा है....

सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया है। ऐसा जिसे पढ़कर आपकी आंखें दुख में नहीं बल्कि खुशी में नम हो जाएंगी। दरअसल, पूर्व कप्तान ने 2024 टी20 वर्ल्डकप में मिली ऐतिहासिक जीत को याद करते हुए ये पोस्ट किया है। बता दें कि रोहित शर्मा की कप्तान में 2 साल पहले आज के ही दिन टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था। इसके साथ ही टीम इंडिया ने 11 साल से चले आ रहे आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को खत्म किया था।

सूर्यकुमार यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा, "खेल में कुछ ऐसे पल होते हैं जो हमेशा आपके साथ रहते हैं। हर कुर्बानी, हर मुश्किल, हर प्रैक्टिस सेशन, स्टैंड्स से मिलने वाला हर हौसला- इन सबने मिलकर उस यादगार रात को मुमकिन बनाया।" उन्होंने आगे लिखा, "बेहतरीन लोगों के साथ इसे साझा करने और दुनिया भर के लाखों भारतीयों के साथ इसका अनुभव करने पर गर्व है। उस फाइनल से पहले, उसके दौरान और उसके काफी वक्त बाद भी हमें अपना प्यार महसूस कराने के लिए धन्यवाद। 29 जून, 2024 हमेशा आपका जश्न मनाते रहेंगे।"

टीम इंडिया से बाहर हुए सूर्यकुमार

सूर्यकुमार यादव को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित की गई टीम इंडिया में शामिल नहीं किया गया था। वह टीम से बाहर चल रहे हैं और उनका अब एक प्लेयर के रूप में भी टीम में वापस आना मुश्किल लग रहा है। उन्होंने भारत के लिए 1 टेस्ट, 37 वनडे और 113 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। टेस्ट में उनके नाम 8, वनडे में 773 और टी20 में 3272 रन दर्ज हैं।

Created On :   29 Jun 2026 6:49 PM IST

Tags

Next Story