Womens T-20 WC 2026: ऑस्ट्रेलिया से हारकर विमेंस टी20 वर्ल्डकप से बाहर हुई टीम इंडिया, हरमनप्रीत की शानदार पारी पर फिरा पानी

ऑस्ट्रेलिया से हारकर विमेंस टी20 वर्ल्डकप से बाहर हुई टीम इंडिया, हरमनप्रीत की शानदार पारी पर फिरा पानी
भारतीय महिला क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्डकप 2026 से बाहर हो गई है। लॉर्ड्स में खेले गए करो या मरो के मुकाबले में टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भारतीय महिला क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्डकप 2026 से बाहर हो गई है। लॉर्ड्स में खेले गए करो या मरो के मुकाबले में टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। कप्तान हरमनप्रीत की शानदार अर्धशतकीय पारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी। भारत की हार के साथ ही ग्रुप-ए से साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई। ऑस्ट्रेलिया पहले ही अंतिम चार में जगह बना चुकी थी।

टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 170 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 56 रन की पारी खेली। उन्होंने 27 गेंदों का सामना किया और 6 चौके व 3 छक्के लगाए। उनके अलावा शेफाली वर्मा ने 34 और स्मृति मंधाना ने 38 रन की पारी खेली।

171 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया टीम की शुरुआत खराब रही। रेणुका सिंह ने पहले ही ओवर में जॉर्जिया वॉल को आउट कर दिया। इसके बाद श्री चरणी ने फीबी लिचफील्ड को पवेलियन रवाना किया। वहीं दीप्ति शर्मा ने बेथ मूनी का विकेट लेकर टीम इंडिया को मैच में बनाए रखा।

जल्दी-जल्दी 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में फंसी ऑस्ट्रेलिया टीम को एलिस पेरी और एश्ले गार्डनर ने चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर संभाला। पेरी ने शानदार 56 रन की पारी खेली। वहीं गार्डनर 53 रन की नाबाद पारी खेलकर वापस लौटीं। ऑस्ट्रेलिया ने एक ओवर शेष रहते 4 विकेट के नुकसान पर 171 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत - शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), यस्तिका भाटिया, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह और एन श्री चरणी।

ऑस्ट्रेलिया - बेथ मूनी (विकेटकीपर), जॉर्जिया वोल, फीबी लिचफील्ड, एलिस पेरी, एश्ले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहैम, एनाबेल सदरलैंड, निकोला कैरी, सोफी मोलिन्यू (कप्तान), लूसी हैमिल्टन, किम गार्थ।

Created On :   28 Jun 2026 10:39 PM IST

Tags

Next Story