महिला प्रीमियर लीग 2024: सीजन के पहले ही मैच में हुई रोमांच की हदें पार, आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर जीती मुंबई इंडियंस

सीजन के पहले ही मैच में हुई रोमांच की हदें पार, आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर जीती मुंबई इंडियंस
  • सीजन के पहले ही मैच में रोमांच की हदें पार
  • आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर जीती मुंबई
  • पहले मुकाबले में चार विकटों से जीती मुंबई

डिजिटल डेस्क, बैंगलुरु। महिला प्रीमियर लीग के दूसरे की धमाकेदार शुरुआत हुई है। जहां सीजन के पहले ही मुकाबले में डिफेंडिंग चैम्पियन मुंबई इंडियंस की टीम ने धमाकेदार जीत दर्ज की है। बैंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में रोमांच की सारी हदें पार हो गईं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आखिरी गेंद पर छ्क्का लगाकर मुंबई इंडियंस ने उनके जबड़े से जीत छीन ली। मुंबई की टीम ने इस मुकाबले को चार विकेटों से अपने नाम किया। टीम की इस धमाकेदार जीत में कप्तान हरमनप्रीत कौर (55 रन) और यस्तिका भाटिया (57 रन) ने अहम भूमिका निभाई।

कैप्सी और जेमिमा का चला बल्ला

मुकाबले की शुरुआत में दिल्ली कैपिटल्स की टीम टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। लेकिन मुंबई की तेज गेंदबाजों के सामने दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही। खतरनाक शैफाली वर्मा महज एक रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इस बड़े झटके के बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरी एलिस कैप्सी (75 रन) ने पहले कप्तान मेग लैनिंग (31 रन) और फिर जेमिमा रोड्रिग्स (42 रन) के साथ लगातार दो अर्धशतकीय साझेदारी निभाकर दिल्ली की पारी संभाली। कप्तान लैनिंग, एलिस कैप्सी और जेमिमा रोड्रिग्स की शानदार पारियों की बदौलत दिल्ली की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 171 रनों का अच्छा टोटल खड़ा किया। मुंबई की ओर से नेट साइवर-ब्रंट और अमेलिया केर ने दो-दो विकेट हासिल किए।

हरमन और यस्तिका ने दिखाया दम

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। पारी की दूसरी ही गेंद पर हेली मैथ्यूज के रूप में मुंबई को पहला झटका लग गया। इस बड़े झटके के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज यस्तिका भाटिया (57 रन) ने पहले नेट साइवर-ब्रंट (17 रन) और फिर कप्तान हरमनप्रीत कौर (55 रन) के साथ अर्धशतकीय साझेदारियां निभाई। यस्तिका के पवेलियन लौटने के बाद कप्तान हरमन और अमेलिया केर (24 रन) की जोड़ी ने टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। पारी के आखिरी ओवर में बल्ले के साथ कमान करने वाली एलिस कैप्सी ने एक के बाद एक पूजा वस्त्राकर और कप्तान हरमन को पवेलियन भेजकर दिल्ली की जीत लगभग पक्की कर दी। लेकिन एस संजना ने अपनी पहली और पारी की आखिरी गेंद पर एक जबरदस्त छक्का लगाकर मुंबई को यादगार जीत दिलाई।

Created On :   24 Feb 2024 3:49 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story