IND Vs NZ 1st Test: मिचेल-फिलिप्स ने टीम इंडिया से छीनी जीत, ड्रॉ हुआ वेलिंगटन टेस्ट, अगला मुकाबला 27 नवंबर से

डिजिटल डेस्क, वेलिंगटन। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला ड्रॉ हो गया। वेलिंगटन में खेले गए इस मैच में भारतीय गेंदबाजों को आखिरी दिन न्यूजीलैंड के 8 विकेट गिराने थे। टी-टाइम से पहले ही उसके 5 विकेट गिर गए थे। आखिरी डेढ़ सेशन में भारत को जीतने के लिए 5 विकेट की जरूरत थी। लेकिन, डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की जोड़ी ने ऐसा नहीं होने दिया। दोनों ने मिलकर 43 ओवर खेले और टीम इंडिया से जीत छीन ली।
मैच में टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी चुनी थी। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए। वहीं, भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 720/9 के स्कोर पर घोषित की। उसे पहली पारी के आधार पर 352 बढ़त मिली।
यह भी पढ़े -पाकिस्तान ने भारत को 48 रन से हराया, तिलक वर्मा की शतकीय पारी पर फिरा पानी, हसन और रजा ने झटके 3-3 विकेट
हेनरी निकल्स 'प्लेयर ऑफ द मैच'
न्यूजीलैंड के हेनरी निकल्स को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। उन्होंने पहली पारी में नाबाद 175 और दूसरी पारी में 31 रन की पारी खेली।
ऐसा रहा मैच का हाल
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए न्यूजीलैंड टीम 368 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की तरफ से निकोलस ने नाबाद 175 और ग्लेन फिलिप्स ने 118 रन की पारी खेली। भारत की तरफ से गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट लिए। उनके अलावा आकाशदीप को 3 और अंशुल कंबोज को दो 2 विकेट मिले।
भारत ने अपनी पहली पारी 720 रन पर घोषित की। टीम इंडिया की तरफ से केएल राहुल ने 136, ऋषभ पंत ने 128, शुभमन गिल ने 98, यशस्वी जायसवाल ने 85, पडिक्कल ने 80 और ध्रुव जुरेल ने 78 रन की पारी खेली। न्यूजीलैंड की तरफ से ग्लेन फिलिप्स ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। उनके अलावा रविंद्र रचिन को दो सफलताएं मिलीं।
भारत ने पहली पारी के आधार पर 352 रन की बढ़त हासिल की। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में 120 ओवर खेले। कीवी टीम ने दूसरी पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 239 रन का स्कोर बनाया। टीम की तरफ से डेवोन कॉन्वे ने सबसे ज्यादा 65 रन बनाए। उनके अलावा डिरेल मिचेल ने 49 रन की पारी खेली। भारत की तरफ से प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट लिए। उनके अलावा जसप्रीत बुमराह, अंशुल कंबोज और वॉशिंगटन सुंदर को 1-1 विकेट मिला।
27 से दूसरा टेस्ट
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच 27 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक क्राइस्टचर्च के हेगले पार्क साउथ में खेला जाएगा। भारतीय समय के मुताबिक मैच की शुरुआत सुबह 3.30 बजे से होगी।
Created On :  


