MP News: अनूपपुर में बड़ा सड़क हादसा, खड़े ट्रक से जा टकराई तेज रफ्तार बोलेरो, आर्मी जवान समेत 3 लोगों की मौत

डिजिटल डेस्क, अनूपपुर। मप्र के अनूपपुर जिले में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार बोलेरो कार ट्रक से टकरा गई। इस भयावह हादसे में बोलेरो सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के छूलहा गांव में सोमवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो में सवार तीन लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में बोलेरो का मालिक मोहम्मद करीम (32), निवासी धनगवां और दो सगे भाई दीनबंधु विश्वकर्मा (36) व विनीत विश्वकर्मा (26) हैं। विनीत आर्मी में जवान था। हादसे में घायल हुए व्यक्ति का नाम राजू तिवारी (30) है जो कि धनगवां का रहने वाला है। राजू को पहले इलाज के लिए अनूपपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन, उसकी हालत गंभीर होने की वजह से उसे शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है।
दोस्त की शादी में शामिल होने आया था विनीत
मृतक विनीत आर्मी में जवान था। वह अपने दोस्त की शादी में शामिल होने छुट्टी लेकर आया था। परिजनों के मुताबिक वह करीब 3 बजे ट्रेन से पहुंचा था और रेलवे स्टेशन से अपने घर लौट रहा था। उसके साथ उसका बड़ा भाई दीनबंधु और दोस्त राजू तिवारी भी साथ थे।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों मृतकों के शवों को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया है। वहीं, पुलिस सहायता केंद्र में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है।
Created On :  


