आईपीएल 2024: रोहित शर्मा से क्यों छीनी गई मुंबई इंडियंस की कप्तानी? हेड कोच मार्क बाउचर ने बताई इसकी वजह

रोहित शर्मा से क्यों छीनी गई मुंबई इंडियंस की कप्तानी? हेड कोच मार्क बाउचर ने बताई इसकी वजह
  • रोहित ने मुंबई इंडियंस को जिताए पांच खिताब
  • इस सीजन मुंबई की कप्तानी नहीं करेंगे रोहित
  • हार्दिक पांड्या के हाथों में मुंबई की कमान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग का 17वां सीजन कुछ महीनों में शुरू होने वाला है। इससे पहले पिछले साल के अंत में खिलाड़ियों की ट्रेडिंग के साथ-साथ नीलामी हुई थी। इस दौरान लीग की सबसे सफल टीमों में शामिल मुंबई इंडियंस ने एक बेहद ही चौंकाने वाला फैसला लिया था। जहां उन्होंने टीम को पांच बार आईपीएल की ट्रॉफी जिताने वाले कप्तान रोहित शर्मा की जगह गुजरात टाइंटस से ट्रेड करके लाए गए हार्दिक पांड्या को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी थी। फ्रेंचाईजी ने इस बड़े बदलाव को लेकर कोई कारण भी स्पष्ट नहीं किया था। इसके बाद से ही मुंबई इंडियंस की टीम में फूट होने की खबर सामने आने लगी थी। लेकिन अब मुंबई इंडियंस के हेड कोच मार्क बाउचर ने इस सवाल का जवाब दिया है।

कप्तानी से क्यों हटाए गए रोहित शर्मा?

रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाए जाने को लेकर हेड कोच मार्क बाउचर ने एक पॉडकास्ट के दौरान कहा, "मेरे लिए यह एक क्रिकेटिंग फैसला था। हमने हार्दिक को बतौर खिलाड़ी टीम में वापस लाने के लिए विंडो पीरियड देखा। मुंबई के लिए यह बदलाव का समय है। ज्यादातर भारतीय फैंस यह समझ नहीं पाते हैं और वह काफी भावुक हो जाते हैं। लेकिन भावानाओं को इन सब से दूर रखना पड़ता है। यह सिर्फ एक क्रिकेटिंग फैसला था। इससे रोहित का बेस्ट निकल कर आएगा। वह क्रीज पर जाकर अपनी बल्लेबाजी का आनंद लेंगे और रन बनाएंगे।"

बतौर खिलाड़ी बेस्ट देंगे रोहित शर्मा

इसके अलावा मार्क बाउचर ने कहा, "रोहित के साथ एक जो सबसे अच्छी बात है कि वह शानदार आदमी हैं। मतलब वह काफी समय से कप्तानी कर रहे हैं। उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए बहुत अच्छा काम किया है। अब वह इंडियन क्रिकेट टीम की भी कप्तानी करते हैं। हमने जब मुंबई इंडियंस ग्रुप से इस पर चर्चा की तो सबने कहा कि इससे रोहित खिलाड़ी के तौर पर अपना बेस्ट दे पाएंगे। वह इंडियन टीम के कप्तान हैं, तो उनको कप्तानी से हटाने को लेकर विवाद होना लाजमी था। लेकिन इस बार जब वह आईपीएल 2024 में खेलने उतरेंगे, तो उनके सिर से कुछ दबाव जरूर कम रहेगा।"

हार्दिक पांड्या में कप्तानी की स्किल्स

गौरतलब है कि हार्दिक पांड्या ने अपने करियर की शुरुआत मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए ही की थी। इस फ्रेंचाईजी के लिए उन्होंने लगभग सात साल तक खेला। लेकिन पिछले दो सीजन उन्होंने गुजरात टाइटंस के लिए कप्तानी की। इस दौरान उन्होंने अपनी टीम को एक पहली बार में चैम्पियन बनाया और दूसरी बार में फाइनल तक पहुंचाया। इसको लेकर बाउचर ने कहा, "वह मुंबई इंडियंस के हैं। वह दूसरे फ्रेंचाइजी में गए जहां उन्होंने पहले साल ही खिताब अपने नाम किया और दूसरे साल रनर अप रहे। यह बताता है कि उनके पास कप्तानी के कमाल का कमाल का स्किल्स है।"

Created On :   6 Feb 2024 7:43 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story