IPL 2024: हार्दिक पांड्या को मिली मुंबई इंडियंस की कप्तानी, आईपीएल 2024 से पहले रोहित शर्मा को लगा बड़ा झटका

हार्दिक पांड्या को मिली मुंबई इंडियंस की कप्तानी, आईपीएल 2024 से पहले रोहित शर्मा को लगा बड़ा झटका
  • हार्दिक पांड्या होंगे मुंबई इंडियंस के कप्तान
  • पिछले 10 साल से रोहित शर्मा थे कप्तान
  • रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने जीती 5 ट्रॉफी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस के कप्तान चुन लिए गए हैं। वे इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में मुंबई इंडियंस की ओर से कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। रोहित शर्मा पिछले 10 सालों से टीम की कमान संभाल रहे थे। ऐसे में अब रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस में बतौर खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे।

हाल ही में हार्दिक पांड्या गुजरात टाइटंस से ट्रेड होकर मुंबई इंडियंस में आए हैं। इससे पहले हार्दिक मुंबई इंडियंस का साल 2015 से 2021 तक हिस्सा रहे हैं। ऐसे में उनका मुंबई की टीम के साथ एक बार फिर जुड़ना घर वापसी के तौर पर भी देखा जा रहा है।

'रोहित शर्मा बेहतरीन कप्तानों में से एक'- मुंबई इंडियंस

मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक वेबसाइट पर एक बयान जारी करते हुए कहा, "हार्दिक पांड्या अब मुंबई टीम के कप्तान होंगे। मुंबई इंडियंस आज कप्तानी में बदलाव को लेकर घोषणा कर रही है। ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पांड्या अगले सीजन में कप्तानी करेंगे। रोहित शर्मा की कप्तानी में अब तक मुंबई सफल रही है।" मुंबई टीम ने आगे लिखा, "आईपीएल के इतिहास में रोहित शर्मा सबसे बेहतरीन कप्तानों में से एक हैं। उनके मार्गदर्शन में, एमआई अब तक की सबसे सफल और पसंदीदा टीमों में से एक बन गई। हम एमआई को और मजबूत करने के लिए मैदान के अंदर और बाहर उनके मार्गदर्शन और अनुभव का इंतजार करेंगे। हम हार्दिक पंड्या का एमआई के नए कप्तान के रूप में स्वागत करते हैं और उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।"

साल 2022 में हार्दिक पांड्या गुजरात टाइटंस के साथ बतौर कप्तान जुड़े और उन्होंने पहले साल ही टीम को खिताब भी जिताया। इस साल गुजरात टाइटंस की टीम हार्दिक पांड्या की अगुवाई में फाइनल तक का भी सफर तय किया। हालांकि, इसी साल हार्दिक मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ गए हैं। शायद उनके अनुभवों के आधार पर ही उन्हें मुंबई टीम में वापस लाया गया है।

इधर, रोहित शर्मा ने पहली बार साल 2013 में मुंबई इंडियंस के लिए कप्तानी की। खास बात यह रही कि रोहित शर्मा ने मुंबई को अपनी कप्तानी में पहले साल ही ट्रॉफी जिताई। इसके बाद मुंबई इंडियंस रोहित शर्मा की कप्तानी में 2015, 2017, 2019 और 2020 में ट्रॉफी जीती। लेकिन पिछले तीन साल से मुंबई इंडियंस को आईपीएल में एक भी ट्रॉफी नहीं मिली है। हालांकि, ऐसा पहली बार है कि रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस को ट्रॉफी के लिए इतना लंबा इंतजार करना पड़ा हो।

Created On :   15 Dec 2023 1:14 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story