उप्र : सीएए विरोध प्रदर्शन के दौरान सपा के पूर्व विधायक गिरफ्तार

UP: Former SP MLA arrested during CAA protests
उप्र : सीएए विरोध प्रदर्शन के दौरान सपा के पूर्व विधायक गिरफ्तार
उप्र : सीएए विरोध प्रदर्शन के दौरान सपा के पूर्व विधायक गिरफ्तार

लखनऊ, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। नागरिकता संसोधन कानून और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार सहित कई मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने गुरुवार को विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केन्द्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

काकोरी में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में प्रदर्शन की भनक लगते ही पुलिस ने पूर्व विधायक इरशाद खां को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। काकोरी में ताड़तला वार्ड से विरोध जुलूस निकाला गया, जिसे पुलिस ने लाठी फटकार कर खत्म कर दिया।

नागरिकता संशोधन कानून विरोधी प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह तैयार है। राजधानी के हर गाली-कूचे पर पुलिस मुस्तैद है। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए लखनऊ मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने शाम पांच बजे तक केडी सिंह बाबू स्टेडियम मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया है। पुलिस हर स्थिति में प्रदर्शनकारियों को रोकने की तैयारी में है।

पुलिस-प्रशासन के बड़े अफसरों ने सड़क मार्च कर लोगों से संपर्क किया। सभी संवेदनशील इलाकों में निगरानी का जिम्मा मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को दिया गया है। देर रात पुलिस-प्रशासन के अफसरों ने पुलिस लाइन में बैठक कर सख्ती से निपटने के निर्देश दिए। वहीं पार्टी कार्यालय आ रहे सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। विभिन्न संगठनों की ओर से परिवर्तन चौक पर प्रस्तावित धरने के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ाई गई। चौराहे पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ पीएसी भी मुस्तैद है।

विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने थानों में मदरसों के मुतवल्लियों, सिविल डिफेंस समेत अन्य लोगों के साथ बैठकें की। मुतवल्लियों से बच्चों को समझाने की अपील की गई।

सोशल मीडिया और दूसरे माध्यमों से कई संगठन शहर में धारा 144 लागू होने के बावजूद विरोध प्रदर्शन करने पर उतारू हैं।

Created On :   19 Dec 2019 7:00 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story