हत्या कर जंगल में फेंक दी महिला की लाश, जादू-टोना की आशंका

Woman dead body found in jungle,police investigate the case
हत्या कर जंगल में फेंक दी महिला की लाश, जादू-टोना की आशंका
हत्या कर जंगल में फेंक दी महिला की लाश, जादू-टोना की आशंका

डिजिटल डेस्क,शहडोल। घर से शादी समारोह में शामिल होने निकली 50 वर्षीय महिला की लाश जंगल में मिली, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला की सड़ी-गली लाश जंगल में एक पूजन स्थल के पास मिली है, जिससे आशंका व्यक्ति की जा रही है कि उसकी जादू-टोना के चलते हत्या की गई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस दावा कर रही है कि शीघ्र ही हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा।
 

मर्ग कायम कर जांच में लिया मामला

जिले के थाना जैतपुर अंतर्गत झींकबिजुरी चौकी के ग्राम मिठौली में एक अधेड़ महिला की हत्या कर दी गई। उसकी लाश गांव से थोड़ी जंगल में बने पूजा-पाठ के स्थान चौरा में सड़ी-गली अवस्था में पाई गई है। उसकी पहचान झिरमतियाबाई 50 वर्ष पति स्व. भगीरा सिंह गोंड़ के रूप में की गई है। चौकी प्रभारी एसके पड़वार के अनुसार मामला हत्या का है, लेकिन फिलहाल मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

गले व सिर पर चोट के निशान

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार झिरमतियाबाई बीते 10 अप्रैल को अपने मायके ग्राम छतई में शादी में शामिल होने के लिए निकली थी। लेकिन वह न तो मायके पहुंची और न ही अपने घर लौटी। इसके बाद शनिवार की सुबह उसका शव गांव से दूर डोकरी दाई चौरा के पास मिला, जहां पर पूजा पाठ किया जाता है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मुख्यालय से पुलिस वैज्ञानिक डॉ. एसपी सिंह भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का ही है। क्योंकि उसके गले और सिर में गहरे चोट के निशान मिले। स्थल पर और पत्थर पर खून भी पाए गए हैं।

जादू टोना का शक

पुलिस के अनुसार महिला की हत्या जादू टोना को लेकर हो सकती है। गांव वालों के अनुसार झिरमतियाबाई झाड़ फूंक का काम करती थी। जिस स्थान पर लाश मिली है उसको लेकर भी आशंका है कि यह काम जादू टोना को लेकर हो सकता है। बहरहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Created On :   14 April 2019 3:54 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story