Bhadli Navami 2025: इस बार अबूझ मुहूर्त पर नहीं होंगे शादी और शुभ कार्य, इस कारण लगी रोक

इस बार अबूझ मुहूर्त पर नहीं होंगे शादी और शुभ कार्य, इस कारण लगी रोक
  • हिन्दू धर्म में शुभ मुहूर्त का बड़ा महत्व बताया गया है
  • भड़ली नवमी पर कोई भी शुभ कार्य कर सकते हैं
  • इस बार शादी- विवाह जैसे शुभ कार्य नहीं होंगे

डिजिटल डेस्क, भोपाल। हिन्दू धर्म में मुहूर्त का बड़ा महत्व है, चाहे कोई कार्य शुरू करना हो, नौकरी, वाहन खरीदना, मकान खरीदना हो या फिर विवाह करना हो। सभी के लिए शुभ मुहूर्त पहले देखा जाता है और ये मुहूर्त एक अंतराल के बाद ही मिलते हैं। लेकिन साल भर में एक दिन ऐसा आता है जब आप बिना किसी पंडित या ज्योतिष से पूछे बिना ही शादी या कोई शुभ कार्य कर सकते हैं। इसे भड़ली नवमी (Bhadli Navami) के नाम से जाना जाता है, जो कि इस वर्ष 4 जुलाई, शुक्रवार को है।

इसके अलावा भड़ली नवमी को भड़ल्या नवमी, भादरिया, भद्रिया या भदरिया नवमी के नाम से भी जाना जाता है। हालांकि, इस वर्ष भड़ली नवमी पर कोई भी शुभ या मांगलिक कार्य नहीं किए जा सकेंगे। ज्योतिषियों के अनुसार, इस बार विवाह के प्रमुख ग्रह गुरु के अस्त होने के कारण विवाह करना वर्जित माना गया है। आइए जानते हैं इस दिन का महत्व...

भड़ली नवमी का महत्व

गुप्त नवरात्रि जिस नवमी तिथि को समाप्त होते हैं, उसे भड़ली नवमी कहा जाता है। यह अषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को पड़ती है। उत्तर भारतीय इलाकों में ये मान्यता है कि भड़ली नवमी शादी जैसे शुभ संस्कार के लिए एक अबूझ मुहूर्त है। क्योंकि, इसके दो दिन बार ही देवशयनी एकादशी आती है, इस दौरान लगातार चार महीने तक विष्णु भगवान निद्रा में लीन रहते हैं। ऐसे में भड़ली नवमीं पर ही विवाह या अन्य शुभ कार्य कर लिए जाते हैं।

आपको बता दें कि, हिंदू धर्म में देवशयनी एकादशी के बाद से देवउठनी एकादशी के दिन तक कोई भी शुभ कार्य नहीं किए जाते हैं। इनमें विवाह, नूतन गृहप्रवेश, महायज्ञ का शुभारंभ, राज्याभिषेक, मुंडन आदि कार्य नहीं होते।

डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग- अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।

Created On :   3 July 2025 5:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story