यदि आपका मूलांक है 6 तो आप हमेशा बने रहेंगे युवा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। जिस किसी भी व्यक्ति का जन्म 6, 15 और 24 तारीख को होता है, उनका मूलांक 6 होता है। इस अंक के ग्रह का स्वामी शुक्र होता है। इसलिए ऐसे जातक प्रभावी, सुंदर व मन मोहने वाले होते हैं।
मूलांक 6 वाले लोग देखने में काफी सुंदर होते हैं। ये सुगठित शरीर वाले होते हैं। इनकी लंबाई भी अच्छी होती है। अपने कद काठी और सौंदर्य से ये लोगों का मन मोह लेते हैं।
शुक्र ग्रह को सुंदरता का ग्रह माना गया है। इसलिए 6 अंक वाले जातक सौंदर्य प्रेमी होते हैं। उन्हें सजना-संवरना व अच्छा दिखना पसंद होता है। और ये चंचल भी काफी होते हैं। वे हमेशा अच्छे कपड़े पहने टिप-टॉप दिखते हैं।
शुक्र ग्रह के प्रभाव के कारण ऐसे जातक लंबे समय तक जवान रहते हैं। ये अपने को फिट रखते हैं और अपनी सेहत पर विशेष ध्यान देते हैं। ये लोग दुनिया के साथ चलने में भरोसा रखते हैं। तभी ऐसे व्यक्तियों पर उम्र का असर नहीं दिखता है।
ऐसे जातक बहुत हंसमुख प्रवृत्ति के होते हैं। ये अपरिचित व्यक्ति से भी अच्छे से बातचीत कर उसे अपना दोस्त बना लेते हैं। ये बहुमुखी प्रतिभा के धनी होते हैं। इन्हें अकेले रहना पसंद नहीं है। ये परिवार के साथ मिलकर चलने वालों में से हैं। इनके मिलनसार स्वभाव के कारण ये दूसरों को अपना प्रेमी बना लेते हैं।
मूलांक 6 वाले लोगों का हृदय बहुत कोमल होता है। ये किसी को कष्ट में देखकर स्वयं भी दुखी होते हैं। इनमें समर्पण का भाव कूट-कूटकर भरा होता है। इनका हृदय विशाल होता है। ये कभी भी दूसरों की सहायता करने से पीछे नहीं हटते हैं।
मूलांक 6 वाले लोग जीवन में सही रास्ते पर चलने में यकीन रखते हैं। ये नीतिवान होते हैं। इसलिए इन्हें गलत बात पसंद नहीं होती है। ये न्याय प्रिय भी होते हैं। जिस कारण ये किसी पर अन्याय होते नहीं देख सकते और अन्याय के खिलाफ बुलंद आवाज उठाने पर भरोसा करते हैं।
क्योंकि इनका ग्रह स्वामी शुक्र है। जो कि सौंदर्य से जुड़ा है जिस कारण ऐसे जातकों की रुचि कलात्मक चीजों में ज्यादा होती है। उन्हें नई-नई रचना का निर्माण करने में काफी अच्छा लगता है। ऐसे लोगों की शिक्षा उत्तम होती है। वैसे कई जातक अपनी सोच को साकार भी नहीं कर पाते हैं।
ऐसे लोगों की आर्थिक स्थिति एक समान नहीं रहती। इनके पास कभी धन ज्यादा होता है, तो कभी व्यय ज्यादा होता है। ये अपनी मेहनत से ही जीवन में आगे बढ़ते हैं और धन कमाते हैं। कई बार संपत्ति को लेकर इन्हें कोर्ट-कचहरी के भी चक्कर काटने पड़ते हैं।
ऐसे व्यक्ति दूसरे लिंग को अपनी ओर आकर्षित करने में सफल रहते हैं, लेकिन कई बार उनका प्रेम मंजिल तक नहीं पहुंच पाता है। इनका संबंध टूट जाता है। वहीं विवाह के बाद भी इनके जीवन में कठिनाइयां आती रहती हैं।
ऐसे जातकों का अपने भाई-बहन से रिश्ता ज्यादा अच्छा नहीं रहता। इसके अतिरिक्त परिजनों के साथ भी थोड़ा मतभेद झेलना पड़ता है। मूलांक 2, 3, 6 और 7 वालों से इनकी ज्यादा अच्छी बनती है।
Created On :   4 Jun 2018 9:07 AM IST