जानिए कब है चंपक द्वादशी, राशिनुसार जानें कैसे करें पूजा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। पौराणिक मान्याता के अनुसार ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की बाहरवीं तिथि को चंपक द्वादशी कहते हैं। इस बार यह तिथि 25 जून 2018 को पड़ रही है। शास्त्रों के अनुसार इस दिन भगवान गोविंद विट्ठलनाथ जी (भगवान श्री कृष्ण) का चंपा के फूलों से पूजन व श्रृंगार किया जाता है। शास्त्रों में इस पर्व को राघव द्वादशी या रामलक्ष्मण द्वादशी के नाम से भी संबोधित किया गया है। इस दिन विष्णु के अवतार श्रीराम तथा शेषनाग के अवतार श्री लक्ष्मण की पूजा की जाती है।
इस दिन विष्णु के अवतार श्रीराम तथा शेषनाग के अवतार श्री लक्ष्मण की विधिवत पूजन करने का विधान है। साथ ही इस दिन किए गए विधिवत पूजन से व्यक्ति के सारे कार्य सिद्ध होते हैं। ऐसा भी बताया जाता है कि जो कार्य लंबे समय से रुके पड़े हैं, वो जल्द ही संपूर्ण हो जाते हैं।
वंदे नवघनश्यामम् पीत कौशेयवाससम्।
सानंदम् सुंदरम् शुद्धम् श्रीकृष्णम् प्रकृतेः परम्
नोट: मंत्र देवऋषि नारद द्वारा रचित पञ्चरात्रे कृष्ण स्तोत्र से है।
इसके अलावा सोम प्रदोष के दिन विभिन्न राशि वालों को अलग-अलग शुभ फलों की प्राप्ति होती है। आइये आपको बताते हैं कि कैसे इन शुभ फलों की प्राप्ति होगी।
मेष राशि
अगर आप अपने घर की सुख-समृद्धि बनाए रखना चाहते हैं तो आज के दिन आपको सुबह स्नान आदि के बाद चम्पा के फूल लाने चाहिए। चम्पा के फूल आपको किसी भी मन्दिर में या बागान आदि में लगे हुए आसानी से मिल जाएंगे। अब इन चम्पा के फूलों से भगवान विष्णु की उचित प्रकार से पूजा-अर्चना करें। आज के दिन ऐसा करने से आपके घर की सुख-समृद्धि बनी रहेगी।
वृष राशि
अगर आप समाज में अपना मान-सम्मान बढ़ाना चाहते हैं तो इसके लिए आज के दिन आपको सुबह स्नान आदि के बाद भगवान विष्णु की पूजा करनी चाहिए। साथ ही पूजा के समय एक लोटे में जल लीजिए और उसमें थोड़ा सा गंगाजल भी डालिये। जब आप विधि-पूर्वक भगवान की पूजा कर लें तो उस लोटे में रखे जल को पूरे घर में छिड़क दीजिए और बाकी बचे हुए जल को सूर्यदेव को अर्पित कर दीजिए। आज के दिन ऐसा करने से समाज में आपका मान-सम्मान जरूर बढ़ेगा।
मिथुन राशि
अगर आपके मन में कोई इच्छा है, जिसे आप जल्द ही पूरी करना चाहते हैं। तो आज के दिन सुबह स्नान आदि के बाद साफ कपड़े पहनिए और घर की भी उचित प्रकार से साफ-सफाई करें। अब घर की पूर्व दिशा के एक कोने में एक लकड़ी की चौकी बिछाएं। उस पर श्री विष्णु की मूर्ति या चित्र स्थापित करें और उस चित्र के आगे फल आदि रखें। अब चम्पा के 5 फूल लीजिए और भगवान का मंत्र जाप करते हुए उन फूलों को एक-एक करके भगवान को अर्पित कीजिए। एक फूल अर्पित कीजिए और मंत्र बोलिये- "ऊँ गोविन्दाय नमः।" इस प्रकार भगवान की पूजा आदि के बाद फल और चढ़ाए गए फूलों को किसी ब्राह्मण के घर दे आएं। आज के दिन ऐसा करने से आपके मन की इच्छा जल्द ही पूरी होगी।
कर्क राशि
आप कार्यालय में अपना एक विशेष स्थान बनाना चाहते हैं तो उसके लिए आज के दिन आपको भगवान विष्णु को केसर का तिलक लगाना चाहिए। साथ ही अपने माथे पर भी आज के दिन आपको केसर का तिलक लगाना चाहिए। आज के दिन ऐसा करने से कार्यालय में आपका विशेष स्थान बनेगा और जल्द ही आप सबके चहेते बने नजर आएंगे।
सिंह राशि
कष्टों से छुटकारा पाने के लिए आज के दिन आपको सुबह स्नान आदि से निवृत्त होकर साफ कपड़े धारण करने चाहिए और पूर्व दिशा की ओर मुख करके एक आसन बिछाकर बैठना चाहिए। अपनी आंखें बंद कीजिए और अपने मन के अंदर भगवान विष्णु की प्रतिमा का ध्यान कीजिए। इस प्रकार ध्यान की हुई उस प्रतिमा को एक लकड़ी की चौकी पर रखिए और धूप-दीप जलाइए। आपको ये सब कुछ अपने ध्यान में करना है। अब ध्यान में रहकर ही भगवान को फल-फूल, मिठाई, पंचमेवा आदि चढ़ाइए। इस प्रकार पूजा आदि के बाद आंखें बंद किए हुए ही भगवान के मंत्र का जाप भी करें।
"ऊँ गोविन्दाय नमः।"
कन्या राशि
आज के दिन आपको विष्णु पूजा के समय भगवान के आगे एक हल्दी की गांठ रखनी है। बाद में जब पूजा समाप्त हो जाए तो उस हल्दी की गांठ को लेकर एक पीले रंग के कपड़े में अच्छे से बांध लें और अपनी तिजोरी में रख लें। आज के दिन ऐसा करने से निश्चित ही आपकी धन-सम्पदा में बढ़ोतरी होगी।
तुला राशि
सौभाग्य में बढ़ोतरी करना चाहते हैं तो आज के दिन आपको चम्पा के फूल का पौधा लाकर अपने घर में लगाना चाहिए और नियमित रूप से उसकी देखभाल करनी चाहिए। आज के दिन घर में चम्पा का पौधा लगाने से आपके आस-पास का वातावरण अच्छा बना रहेगा और इससे आपके सौभाग्य में भी बढ़ोतरी होगी। साथ ही आपके घर का वास्तु भी अच्छा रहेगा।
वृश्चिक राशि
आपके व्यापार में पैसा आते-आते एकदम से रूक गया है, अब आपकी उतनी आय नहीं हो पाती, जितनी पहले होती थी, तो इस समस्या के समाधान के लिए आज के दिन आपको गोविन्द का नाम लेकर जपना चाहिए। आपको हरे गोविन्द, हरे गोविन्द इस प्रकार करते हुए 108 बार जाप करना चाहिए। साथ ही जाप के बाद भगवान को मिश्री का भोग लगाना चाहिए। आज के दिन ऐसा करने से आपके व्यापार में पहले जैसी आय होने लगेगी और आपके पास धन की आवक बढ़ेगी।
धनु राशि
आज के दिन आपको किसी बीज विक्रेता के पास से चम्पा के बीज खरीदकर लाने हैं। अब उनमें से कुछ बीज लेकर भगवान को चढ़ाएं और बाकी बचे हुए बीजों को कहीं बाग, बगीचे में या साफ जगह पर जमीन में बो दें। आज के दिन ऐसा करने से आपको व्यापार में नई सफलताएं प्राप्त होंगी, और आपके व्यापार की बढ़ोत्तरी भी हो जाएगी।
मकर राशि
अपने प्यार को बनाए रखने के लिए आज के दिन आपको श्री गोविन्द के इस मंत्र का जाप करना है। "ऊँ नमो भगवते गोविन्दाय नमः।" आज के दिन आपको इस मंत्र का 21 बार जाप करने से आपके दांपत्य संबंधों में प्यार सदा बना रहेगा।
कुंभ राशि
जीवन में कुछ परेशानियों के कारण आप अपनी पढ़ाई पर ध्यान नहीं दे पा रहे हैं तो आज के दिन चम्पा की खुशबू वाली धूपबत्ती लेकर आइए। अब उस धूपबत्ती को श्री हरि के मन्दिर में जाकर भगवान को अर्पित करिए। साथ ही उसमें से एक धूपबत्ती निकालकर मन्दिर में खुद से जलाएं। आज के दिन ऐसा करने से आपके जीवन के कष्ठ समाप्त होंगे और धीरे-धीरे करके आप पढ़ाई पर अच्छे से ध्यान दे पाएंगे।
मीन राशि
अगर आपको न्यायालय, यानी कोर्ट-कचहरी से संबंधित किसी प्रकार की अड़चन आ रही है तो आज के दिन एक पीले रंग की पोशाक लीजिये, चाहे आप बाजार से लाएं या फिर खुद भी घर में भगवान के लिए पोशाक बना सकते हैं। अब इस पोशाक को श्री विष्णु मन्दिर में जाकर भगवान को भेंट करें। आज के दिन ऐसा करने से आपको कोर्ट-कचहरी से संबंधित परेशानी से जल्द ही मुक्ति मिलेगी।
Created On :   24 Jun 2018 4:08 PM IST