जानिए किस कन्या की पूजा से मिलेगा विशेष लाभ

डिजिटल डेस्क, भोपाल। नवरात्रि के नौ दिन मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है। नवरात्र पर्व के आठवें और नौवें दिन कन्या पूजन और उन्हें घर बुलाकर भोजन कराने का विधान है। दुर्गाष्टमी और नवमी के दिन आखरी नवरात्रों में इन कन्याओ को नौ देवी स्वरुप मानकर इनका स्वागत किया जाता है। माना जाता है की इन कन्याओ को देवियों की तरह आदर सत्कार और भोज से माँ दुर्गा प्रसन्न हो जाती हैं और अपने भक्तों को सुख समृधि का वरदान देती हैं।
नवरात्र के अवसर पर कन्या पूजन का विशेष महत्व है। नौ कन्याओं को नौ देवियों के स्वरूप में पूजने के बाद ही भक्त का नवरात्र व्रत पूरा होता है। अपने सामर्थ्य के अनुसार उन्हें भोग लगाकर दक्षिणा देने मात्र से ही मां दुर्गा प्रसन्न हो जाती हैं और भक्तों को उनका मनचाहा वरदान देती हैं।
नवरात्रि में किस कन्या की पूजा से मिलता है क्या विशेष फल
हिन्दू धार्मिक ग्रंथों के अनुसार नवरात्रि में कन्या पूजन का विशेष महत्व माना गया है। खासतौर पर अष्टमी तथा नवमी तिथि को 3 से 9 वर्ष तक की कन्याओं का पूजन करने की परंपरा है। यह कन्याएं साक्षात मां दुर्गा का स्वरूप मानी जाती है। इन कन्याओं के पूजन से होगा लाभ प्राप्त :-
- 2 वर्ष की कन्या : दो वर्ष की कन्या को कौमारी कहा जाता है। ऐसी मान्यता है कि इसके पूजन से दुख और दरिद्रता समाप्त हो जाती है।
- 3 वर्ष की कन्या : तीन वर्ष की कन्या त्रिमूर्ति मानी जाती है। त्रिमूर्ति के पूजन से धन-धान्य का आगमन और संपूर्ण परिवार का कल्याण होता है।
- 4 वर्ष की कन्या : चार वर्ष की कन्या कल्याणी नाम से संबोधित की जाती है। कल्याणी की पूजा से सुख-समृद्धि मिलती है।
- 5 वर्ष की कन्या : पांच वर्ष की कन्या रोहिणी कही जाती है। रोहिणी की पूजन से व्यक्ति रोग मुक्त होता है।
- 6 वर्ष की कन्या : छह वर्ष की कन्या को कालिका रूप कहा जाता है। कालिका रूप से विद्या, विजय, राजयोग की प्राप्ति होती है।
- 7 वर्ष की कन्या : सात वर्ष की कन्या को चण्डिका कहा जाता है। इसके पूजन से ऐश्वर्य मिलता है।
- 8 वर्ष की कन्या : आठ वर्ष की कन्या को शाम्भवी कहा जाता है। इसकी की पूजा से लोकप्रियता प्राप्त होती है।
- 9 वर्ष की कन्या : नौ वर्ष की कन्या को दुर्गा का स्वरूप माना जाता है। इसकी पूजा से शत्रु पर विजय प्रप्त होती है तथा असाध्य कार्य सिद्ध होता है।
Created On :   24 March 2018 8:50 PM IST