बुध करेगा कन्या राशि में प्रवेश, जानिए आपकी राशि पर क्या पड़ेगा प्रभाव

Mercury Transit in Virgo Know What Impact Will be on Your Zodiac
बुध करेगा कन्या राशि में प्रवेश, जानिए आपकी राशि पर क्या पड़ेगा प्रभाव
बुध करेगा कन्या राशि में प्रवेश, जानिए आपकी राशि पर क्या पड़ेगा प्रभाव

डिजिटल डेस्क, भोपाल। बुध 19 सितंबर 2018 को प्रातः 4 बजकर 1 मिनट पर कन्या राशि में प्रवेश करेगा और 6 अक्टूबर 2018, शनिवार दोपहर 12 बजकर 15 मिनट तक इसी राशि में स्थित रहेगा। वैदिक ज्योतिष में बुध ग्रह को सामान्यतः शुभ ग्रह माना जाता है। वैसे बुध ग्रह अशुभ ग्रह के संपर्क में आने पर अशुभ प्रभाव भी देने लगता है। बुध ग्रह को बुद्धि, वाणी, तर्कशक्ति, गणित, व्यापार, सांख्यिकी और यात्राओं का कारक माना जाता है। बुध ग्रह मिथुन और कन्या राशि का स्वामी है। बुध अश्लेषा, ज्येष्ठा और रेवती नक्षत्र का स्वामी है। बुध के शुभ प्रभाव वाले जातक अच्छे वक्ता, तर्कशक्ति, ज्योतिष और गणितीय कार्यों में निपुण होते हैं। बुध ग्रह के किसी भी राशि में रहने का समय लगभग 14 दिनों का होता है। बुध का राशि परिवर्तन हमारी जन्म कुंडली में स्थित लग्न राशि से दूसरे, चौथे, छठे, आठवें, दसवें और ग्यारहवें भाव में शुभ फल देता है।

इस समयावधि में बुध ग्रह सभी राशियों को किस प्रकार प्रभावित करेगा आइये जानते हैं।

मेष राशि

बुध ग्रह आपकी राशि से छठवे भाव में प्रवेश करेगा। जिसके प्रभाव से मेष राशि के जातकों को आर्थिक स्थिति में मजबूती मिलेगी, साथ ही अचानक से धन लाभ होने के योग बनेंगे। आपके रहन-सहन और खान-पान में भी सकारात्मक परिवर्तन होगा। बुध के प्रभाव से विरोधी पक्ष आपके सामने कमजोर पड़ेंगे। आप शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ व प्रसन्नता का अनुभव करेंगे। जो व्यक्ति वाद्य यंत्र या लेखन जैसे कलात्मक कार्यों से जुड़े हैं, उनको इस अवधि में अपनी इस कला की सहायता से अपार प्रसिद्धि मिल सकती है। बुध के इस परिवर्तन के कारण आप बड़े-बुज़ुर्गों का सम्मान करें और उनका आशीर्वाद लें।

उपाय: किन्नरों का आशीर्वाद लें और उनको हरे रंग की वस्तुओं का दान करें।

वृषभ राशि

बुध का कन्या कन्या राशि में परिवर्तन आपके लिए अधिक अनुकूल सिद्ध नहीं हो पाएगा। बुध ग्रह आपकी राशि से पंचम भाव में विचरण करेगा तो इस समय में आपको कई प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। पारिवारिक और काम-काजी जीवन में उथल-पुथल देखने को मिल सकती है। इस समय घर में जीवनसाथी और अपनी संतान से विवाद हो सकता है, इस समय में थोड़ा संयम रखने की आवश्यकता है। इस समय अवधि में आर्थिक स्थिति भी कमजोर हो सकती है। आमदनी में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। लेकिन अच्छी बात यह है कि बुध के इस परिवर्तन से विद्या, वाणिज्य, गणित और सांख्यिकी जैसे विषयों में आपकी रुचि बढ़ेगी, साथ ही कुछ नए लोगों से आपके संपर्क स्थापित होंगे।

उपाय: श्री दुर्गा सप्तशती का पाठ करें।

मिथुन राशि


बुध का यह परिवर्तन मिथुन राशि वालों के लिए आर्थिक रूप से बहुत अच्छा साबित हो सकता है। बुध ग्रह आपकी राशि से चतुर्थ भाव में रहेगा। इस समय में आप रुपये-पैसों की बचत करने में सफल हो सकते हैं। आपकी आय बढ़ने से आर्थिक स्थिति प्रबल हो सकती है। आपके घर-परिवार में शांति और सद्भाव का माहौल बना रहेगा। यदि आपकी माता जी का स्वास्थ्य ठीक नहीं है तो उनके स्वास्थ्य में सुधार आ सकता है। नौकरी और व्यापार में किसी बड़े व्यापारी या अधिकारियों से आपके संबंध बनेंगे, जिसका आपको भविष्य में विशेष लाभ प्राप्त होगा।

उपाय: भगवान विष्णु की पूजा करें।

कर्क राशि


आपकी राशि से बुध ग्रह तीसरे भाव में रहेगा। जो आपके लिए अच्छा नहीं है। यह समय आपके साहस में कमी ला सकता है, साथ ही किसी बुरी बात को लेकर आपके मन में एक अज्ञात भय बना रह सकता है। घर में भाई-बहनों के साथ संबंध मधुर रखने की आवश्यकता है। अच्छा होगा कि आप किसी भी विवाद से बचने का प्रयास करें। आर्थिक रूप से भी बुध का यह परिवर्तन आपके लिए अधिक अनुकूल नहीं है। इस समय में अपने धन का निवेश और लेन-देन थोड़ा सोच-समझकर ही करें। अपने काम से समय निकालकर अपने मित्रों के साथ कुछ समय बिता सकते हैं।

उपाय: गौ माता को हरा चारा खिलाएं।

सिंह राशि

बुध ग्रह का यह परिवर्तन सिंह राशि वाले जातकों के लिए जीवन में खुशियों के नए रंग भर सकता है। बुध आपकी राशि से द्वितीय भाव में रहेगा। इस समय में आप अपने परिजनों के साथ कुछ अच्छा समय बिता सकते हैं। आर्थिक रूप से भी यह समय आपके लिए अनुकूल रह सकता है। इस अवधि में आपको धन लाभ होने की भी प्रबल संभावना है। बुध ग्रह के प्रभाव से आपकी वाणी में निखार आ सकता है और आप लोगों को अपनी बातों से प्रभावित कर सकते हैं। बुध के परिवर्तन से छात्रों को प्रतियोगी परीक्षा में बड़ी सफलता मिल सकती है। प्रियतम या किसी करीबी रिश्तेदार से मिलने की भी संभावना है।

उपाय: छोटी कन्याओं की पूजा कर कुछ मीठी वस्तु भेंट करें।

कन्या राशि


बुध ग्रह आपकी राशि में ही रहेगा यह आपके चन्द्र लग्न भाव में स्थित रहेगा। बुध का प्रथम भाव में स्थित होना आपके लिए कुछ संघर्ष पूर्ण हो सकता है। इस समय में आपको संघर्ष करना पड़ सकता है। विशेषकर किसी से बातचीत करने के समय विशेष रूप से शब्दों पर संयम रखें। इस समय में आपके द्वारा कही गई बात किसी को बहुत बुरी लग सकती है। आर्थिक रूप से भी यह समय कुछ ठीक नहीं है। इस समय में धन हानि हो सकती है। धन का उपयोग सोच-समझकर ही करें। इस समय में यात्रा को टालने का प्रयास करें। सामाजिक क्षेत्र में भी ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे आपकी प्रतिष्ठा पर कोई ठेस आए।

उपाय: ‘ऊँ ब्रां ब्रीं ब्रौं सः बुधाय नमः’ मंत्र का जाप करें।

तुला राशि


बुध का यह परिवर्तन आपकी राशि से द्वादश भाव में रहेगा। आर्थिक रूप से बुध की यह स्थिति अच्छी नहीं है। इस समय में धन का लेन-देन और निवेश सोच-समझकर करें। बुध ग्रह के इस परिवर्तन से इस समय में आपके विरोधियों से सावधान रहना पड़ेगा। क्योंकि वे आपको किसी तरह से परेशानी में डाल सकते हैं। आपके प्रेमी या जीवनसाथी के साथ सावधानी रखें अन्यथा रिश्तों में दरार आ सकती है। इस समय में छात्रों को अपनी पढ़ाई-लिखाई पर पूरी तरह से ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

उपाय: बहन/चाची/बुआ/मौसी को कोई उपहार भेंट करें।

वृश्चिक राशि


बुध ग्रह वृश्चिक राशि से एकादश भाव में गोचर करेगा। एकादश भाव में बुध की उपस्थिति कई सौगात लेकर आएगी। क्योंकि एकादश भाव को ज्योतिष में लाभ और आमदनी का भाव कहा जाता है। इसके फलस्वरुप धन लाभ होने के योग बनेंगे। पारिवारिक जीवन में खुशियां आएंगी और आपकी सेहत भी अच्छी रहेगी। परिवार, रिश्तेदार या दोस्तों के साथ मिलकर आप कहीं घूमने-फिरने जा सकते हैं। दान-पुण्य समेत परोपकारी कार्य करने की इच्छा होगी। बुध का यह गोचर आपके लिए विशेष रूप से लाभकारी रहने वाला है।

उपाय: बुधवार को साबुत मूंग दान करें।

धनु राशि


बुध आपकी राशि से दशम भाव में रहेगा। दसवें भाव में बुध की यह उपस्थिति आपके लिए शुभ है। इस समय में आपको कार्यक्षेत्र से शुभ समाचार प्राप्त होंगे। यदि आप पदोन्नती या अतिरिक्त आय की प्रतीक्षा कर रहे हैं तो आपको कोई नई सौगात मिल सकती है। आप व्यापार करते हैं तो आपके व्यापार में विस्तार होने की पूरी संभावना है। आप किसी नई योजना पर काम कर सकते हैं। आपके विरोधी और शत्रु आपसे दबकर रहेंगे। इस समय में आप मानसिक रूप से बहुत प्रसन्न रहेंगे। घर-परिवार का वातावरण बहुत अच्छा रहेगा और समाज में आपका सम्मान भी बढ़ेगा। परोपकारी कार्यों के लिए आप दान-पुण्य करने में सक्रिय रहेंगे।

उपाय: बुधवार को हरी इलायची दान करें।

मकर राशि


बुध ग्रह आपकी राशि से नवम भाव में रहेगा। आपकी राशि से नवम भाव में बुध की स्थिति अच्छी नहीं मानी जाती है, इसलिए इस अवधि में आपको कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। अत्यधिक परेशानी के कारण मानसिक तनाव भी रहेगा। धन संबंधी कार्यों में सोच-समझकर निर्णय लेना अच्छा होगा अन्यथा कोई बड़ी हानि हो सकती है। भाई-बहन से भी संबंध बिगड़ सकते हैं इसलिए विवादों से बचने का प्रयास करें। किसी यात्रा में आपको कोई हानि हो सकती है इसलिए यात्रा में विशेष रूप से सावधानी रखें।

उपाय: बुधवार को बुध यंत्र स्थापित करें।

कुंभ राशि


बुध ग्रह आपकी राशि से अष्टम भाव में रहेगा। जिस कारण आपको लाभ की संभावनाएँ बढ़ेंगी। विशेष रूप से आर्थिक और व्यापारिक क्षेत्र में लाभ होने की संभावना प्रबल है। आपको कड़े परिश्रम का फल सफलता के रूप में मिल सकता है। निजी और काम-काजी जीवन में आप बहुत प्रसन्न रहेंगे। सामाजिक जीवन में भी आपको मान-सम्मान की प्राप्ति होगी। बुध के प्रभाव से शत्रु पक्ष आपसे भयभीत रहेंगे और आपके सामने घुटने टेक सकते हैं। घर-परिवार में संतान प्रसन्न रहेंगी।

उपाय: अपने दाहिने हाथ अथवा गले में विधारा की जड़ धारण करें।

मीन राशि


बुध ग्रह आपकी राशि से सप्तम भाव में रहेगा। बुध का सप्तम भाव में होना स्वास्थ्य की दृष्टि से अच्छा नहीं है। इस समय में आप शारीरिक रूप से कमजोरी का अनुभव करेंगे। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से पीड़ा हो सकती है, और आर्थिक रूप से भी यह समय आपके लिए अधिक लाभकारी नहीं है। धन हानि की संभावना बन रही है इसलिए रुपये-पैसों का लेन-देन और निवेश सावधानी से करें। व्यापार करने वाले जातकों के लिए यह समय शुभ परिणाम दे सकता है। इस अवधि में यात्रा भी आपके लिए लाभकारी हो सकती है।

उपाय: गाय को साबुत मूंग और पालक खिलाएं। 

Created On :   18 Sep 2018 12:01 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story