बुध का कर्क राशि में प्रवेश, कैसा पड़ेगा राशियों पर प्रभाव 

Mercury transits in cancer on june 25 know the effects on your zodiac sign
बुध का कर्क राशि में प्रवेश, कैसा पड़ेगा राशियों पर प्रभाव 
बुध का कर्क राशि में प्रवेश, कैसा पड़ेगा राशियों पर प्रभाव 

डिजिटल डेस्क, भोपाल। 25 जून 2018 सोमवार को सुबह 6 बजकर 13 मिनिट पर बुध मिथुन राशि से निकलकर कर्क राशि में प्रवेश करेगा। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार बुध ग्रह का कर्क राशि में प्रवेश होने वाला है। बुध ग्रह बुद्धि, भाषा, व्यवसाय का कारक ग्रह होता है। बुध कन्या और मिथुन राशि का स्वामी ग्रह होता है।

बुध इस स्थिति में 2 सितंबर 2018 सुबह 9 बजकर 13 मिनिट तक रहेगा। बुध के इस भ्रमण का प्रभाव जहां कुछ राशियों पर विशेष रूप से पड़ेगा। वहीं कुछ राशियों के लिए संकट से भरा हो सकता है। आइये आपको बताते हैं बुध का कर्क राशि में गोचर सभी 12 राशियों पर क्या प्रभाव डालेगा।

मेष राशि 

मेष राशि के चौथे भाव में बुध का भ्रमण होने वाला है। बुध का यह भ्रमण आपके लिए शुभ साबित होने वाला है। इस भ्रमण की पूरी अवधि में आपके पारिवारिक जीवन में खुशी और शांति बनी रहेगी। हां आपको इस भ्रमण के समय में अपने माता-पिता के स्वस्थ्य का विशेष ध्यान रखना होगा। आपका परिश्रम शुभ परिणामदायक होगा। जीवनसाथी को कामकाजी जीवन में लाभ मिलने की भी पूर्ण संभावना है।
इस समय बुधवार के दिन ब्राह्मणों को दान करना बहुत शुभकारी होगा।

वृष राशि 

बुध आपकी राशि के तीसरे भाव में भ्रमण करेगा। इस भ्रमण की अवधि में आपको अपने उद्देश्य की प्राप्ति होगी। दृढ़ रहकर किसी कार्य को करने से उसमें अपार सफलता मिलेगी। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। इस भ्रमण के समय भाई-बहनों से आर्थिक लाभ मिलेगा। जीवनशैली में भी काफी उन्नति होगी। साथ ही किसी नए रिश्ते के लिए भी आप आगे बढ़ सकते हैं।
इस समय में आपको गाय को हरा चारा खिलाना और सेवा करना लाभकारी होगा।

मिथुन राशि 

बुध ग्रह आपकी राशि के दूसरे भाव में प्रवेश करेगा। जिस कारण आपकी वाणी में बेहद मधुरता रहेगी। साथ ही संवादशैली में भी दूसरों को अत्यधिक प्रभावित करेगी। प्रॉपर्टी से धन लाभ के पूर्ण योग हैं, आपको अपनी माता जी की सेहत का ध्यान रखना चाहिए। इस समय में आपको भगवान विष्णु की आराधना करनी चाहिए।

कर्क राशि 

बुध आपकी राशि में ही भ्रमण कर रहा है। इस भ्रमण की पूरी अवधि में बुध आपकी राशि के प्रथम भाव में रहेगा। स्वस्थ्य के प्रति आपको विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। भ्रमण की अवधि में विदेश यात्रा के योग हैं। साथ ही विदेश संबंधी मामले में सफलता मिलने की संभावना है। आपको विपरीत संबंधों में अपने भाई-बहनों का साथ मिल सकता है। जीवन साथी को लाभ प्राप्त हो सकता है।
इस समय में आपको बुधवार के दिन कर्पूर का दान मंदिर में करना चाहिए।

सिंह राशि

बुध ग्रह का गोचर आपकी राशि के 12 वें भाव में होगा। इस गोचर के दौरान आपके खर्चों में भी बहुत वृद्धि होने वाली है। इसलिए फिजूलखर्ची से बचने का प्रयास करें। व्यापार को लेकर लम्बी दूरी की यात्रा करना पड़ सकती है। कोई विवाद आपका समय बर्बाद कर सकता है, इसलिए इनसे दूर ही रहें। कार्यक्षेत्र में अपने कार्यों को लेकर पूरा समर्पण रहेगा।
इस समय में आपको शुद्ध घी का दीपक लगाकर भगवान विष्णु की आराधना करना चाहिए। इससे आपकी स्थिति अच्छी बनी रहेगी।

कन्या राशि 

बुध ग्रह आपकी राशि के 11 वें भाव में भ्रमण करेगा। भ्रमण के समय आपकी कोई बड़ी इच्छा पूरी हो सकती है। सामाजिक कार्यों में लाभ मिल सकता है इस अवधि में आपको स्वास्थ्य संबंधी लाभ भी हो सकता है और आपका सामाजिक दायरा भी बढ़ेगा। आपको बौद्धिक लाभ प्राप्त होने की भी पूरी संभावना रहेगी। आपकी प्रभावी संवाद शैली किसी विशेष व्यक्ति को बेहद पसंद आ सकती है।
इस समय में विष्णु सहस्रनाम का पाठ करते रहना चाहिए।

तुला राशि 

बुध ग्रह का यह भ्रमण आपकी राशि के 10 वें भाव में रहेगा। भ्रमण के इस काल में आपको निजी और काम-काज दोनों ही तरह से लाभ प्राप्त होंगे। आपको कोई बड़ी उपलब्धि भी हासिल हो सकती है। इस उपलब्धि का लाभ आपको भविष्य में होगा। संवाद शैली में बहुत निखार आ सकता है, जो आपकी उन्नति में सहायक होगा। माता के पक्ष से कोई उपहार मिल सकता है। 
आपको खड़ी मूंग का दान बुधवार के दिन मंदिर में करना लाभकारी रहेगा।

वृश्चिक राशि 

बुध ग्रह का भ्रमण आपकी राशि के 9 वें भाव में होगा। जिससे आपको अप्रत्याशित लाभ प्राप्त होने की उम्मीद है। आपको अपने माता-पिता की सेहत का भी खास ध्यान रखना चाहिए। आपको इस समय में किसी लंबी यात्रा की ओर प्रस्थान करना पड़ सकता है। आय के स्त्रोतों में कमी आ सकती है।
इस समय में आपको बुधवार के दिन हरी सब्जियां दान करना लाभ प्रदान करेगा।

धनु राशि 

बुध का यह भ्रमण आपकी राशि के 8 वें भाव में होगा। आपके स्वस्थ्य के लिए यह भ्रमण कुछ शुभ साबित नहीं होगा। या हो सकता है की आपको वैवाहिक जीवन में कष्ट हो, संभलकर चलें, वाणी पर नियंत्रण रखें। पिता को धन हानि होने के संकेत मिल रहे हैं, लेकिन आपको कहीं से अप्रत्याशित लाभ प्राप्त हो सकता है।
इस समय में आपको गाय को हरा चारा खिलाना चाहिए।

मकर राशि 

बुध का यह भ्रमण आपकी राशि के 7 वें भाव में होगा। इस भ्रमण काल में आपको रोजगार से संबंधित उन्नति होने वाली है। आय के नए साधन प्राप्त होंगे। आपकी वाणी और संवाद  शैली अगले को काफी प्रभावित करेगी। जीवनसाथी के साथ छोटी-मोटी बहस में ना उलझें और अपनी माता का ध्यान रखें।
इस समय किन्नरों का आशीर्वाद आपको आने वाली परेशानी से बचाएगा।

कुंभ राशि 

यह भ्रमण आपकी राशि के छठे भाव में होगा। कर्ज से मुक्ति मिल सकती है। कोर्ट-कचहरी के मामले भी आसानी से निपट जाएंगे। अदालत का निर्णय आपके पक्ष में आ सकता है। खर्चों में वृद्धि मुमकिन है साथ ही आपको अपने क्रोध को भी नियंत्रित रखना चाहिए।
आपको बुधवार के दिन शुद्ध घी दान करना शुभकारी होगा।

मीन राशि 

बुध ग्रह का भ्रमण आपकी राशि के 5वें भाव में होगा। जिस कारण आपका ध्यान नई चीजों की ओर लगेगा। आप ज्ञान प्राप्ति के लिए प्रयास करेंगे और साथ ही अध्ययन के क्षेत्र में आपका प्रदर्शन भी अच्छा रहेगा। यदि अविवाहित हैं तो आपको अच्छे प्रस्ताव मिल सकते हैं।
भगवान गणेश की आराधना करना लाभकारी होगा। 

Created On :   22 Jun 2018 10:28 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story