पसंदीदा फूल करें भगवान को अर्पित, प्रसन्न होकर देंगे मनचाहा वरदान
डिजिटल डेस्क, भोपाल। हमारे जीवन में फूलों का अत्यधिक महत्व है। हर मौके पर फूलों का इस्तेमाल हम करते हैं। चाहे शादी हो, जन्मदिन हो, फूल तोहफे में देकर हम एक दूसरे की खुशियों की कामना करते हैं। फूल हम भगवान को भी अर्पित करते हैं जिससे वे प्रसन्न होते हैं। फूल ईश्वर की ऐसी रचना है जिससे हमारा घर और जीवन महक उठता है।
वैसे तो भगवान केवल भक्ति और श्रृद्धा के ही भूखे हैं, लेकिन हमारे देश में भगवान को पुष्प अर्पित कर उन्हें प्रसन्न किया जाता है। यदि हम भगवान को उनके पसंदीदा फूल चढ़ाते हैं तो भगवान प्रसन्न होते हैं और मनोकामनाएं पूरी करते हैं। आज हम आपको बताएंगे कि किस भगवान को कौन-सा फूल चढ़ाकर आप प्रसन्न कर सकते हैं।
गणेश जी
प्रथम पूज्य गणेश जी को प्रसन्न करने के लिए उन्हें दूर्वा चढ़ाई जाती है, जिससे वे प्रसन्न होते हैं। गणेश जी को लाल फूल भी चढ़ाया जाता है, लाल रंग का गुलाब चढ़ाने से गणेश जी की कृपा प्राप्त होती है और वो भक्तों की मनोकामना भी पूरी करते हैं।
भगवान भोलेनाथ
भगवान भोलेनाथ अपने नाम के ही अनुरूप भोले हैं। इन्हें मनाने के लिए वैसे तो किसी भी फूल को चढ़ाया जा सकता है, पर इनका प्रिय फूल धतूरा है। इसके इलावा हरसिंगार, नागकेसर के सफेद पुष्प, सूखे कमल गट्टे, कनेर, कुसुम, आक, कुश आदि पुष्प भी भगवान शिव को प्रिय होते हैं।
भगवती गौरी
भगवती गौरी भगवान शिव की अर्धांगिनी हैं इसलिए जो फूल भगवान शिव को पसंद होते हैं वो फूल भगवती गौरी को भी प्रिय होते हैं। इसके अलावा देवी को बेला, सफेद कमल, पलाश, चंपा आदि के फूल भी चढ़ाए जा सकते हैं।
मां दुर्गा
मां दुर्गा का प्रिय रंग लाल है इसलिए इन्हें लाल रंग के पुष्प अर्पित किए जाते हैं। लाल रंग के गुलाब, कनेर, केवड़ा, अमलतास आदि के फूल चढ़ाकर मां दुर्गा को प्रसन्न किया जा सकता है।
भगवान विष्णु
भगवान विष्णु को पीला रंग अत्यंत प्रिय है इसलिए इन्हें पुष्प भी पीले ही चढ़ाएं तो लाभ प्राप्त होगा। साथ ही भगवान विष्णु को कमल, मौलसिरी, जूही, कदम्ब, केवड़ा, चमेली, अशोक, मालती, वासंती, चंपा, वैजयंती के फूल भी विशेष प्रिय हैं।
मां लक्ष्मी
मां लक्ष्मी सुख, समृद्धि, ऐश्वर्य और सौभाग्य की देवी हैं। माँ लक्ष्मी को कमल का फूल अत्यधिक है। क्योंकि कमल जल में खिलता है और मां लक्ष्मी की उत्पत्ति भी सागर से ही हुई है, इसलिए इन्हें कमल का पुष्प अत्यधिक प्रिय है।
Created On :   6 April 2018 4:25 PM IST