देवी शाकंभरी, मन्नत पूरी करने यहां नेता-अभिनेता लगाते हैं अर्जी

डिजिटल डेस्क,अरावली। शाकंभरी नवरात्रि पर माता की पूजा शुरू होगी। अनेक स्थानों पर इस नवरात्रि को धूमधाम से पूरे विधान के साथ मनाया जाता है। घट स्थापना के साथ ही नौ दिनों तक उन सभी नियमों को अपनाया जाता है जो आमतौर पर सभी के लिए करना संभव नही होता। आज हम आपको एक ऐसे ही स्थान के बारे में बताने जा रहे हैं।
माता शाकंभरी का अति तेजस्वी एवं प्राचीन मंदिर
शाकंभरी गेट से 15 किलोमीटर दूर अरावली की पहाड़ियों के मध्य माता शाकंभरी का अति तेजस्वी एवं प्राचीन मंदिर विद्यमान है। इसकी स्थापना सैकड़ों साल पहले हुई थी। यहां ब्रम्हाणी एवं रुद्राणी नाम से माता के दो रूप विराजमान हैं। इन दोनों के बीच एक प्रतिमा और है जो कि स्वयं-भू है।
विदेशों से भी भक्तों का आगमन
इस मंदिर की मान्यता का अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि यहां नवरात्रि के अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालु आते हैं। मन्नतों के चलते विदेशों से भी भक्तों का आगमन यहां होता है। इसके अतिरिक्त सकराय और उत्तरप्रदेश के सहारपुर में स्थित प्राचीन मंदिरों की भी अत्यधिक मान्यता है। शाकंभरी माता की पूजा उन्हें सिद्ध करने के लिए भी की जाती है। कहा जाता है इससे वे धन धान्य का वरदान देती हैं। इसलिए इनके मंदिराें में तांत्रिकों का भी आगमन होता है।
आरती का दृश्य अत्यंत ही अलौकिक
शाकंभरी अर्थात शाक की देवी, उनके मंदिर जहां भी बने हैं वहां चारों ओर प्राकृतिक सुंदरता की भरमार देखने मिलती है। इस मंदिर में सीएम वसुंधरा राजे से लेकर वीरभ्रद सिंह तक हाजिरी लगाने पहुंच चुके हैं। यही नही फिल्म स्टार भी यहां मन्नतों को लेकर आते हैं। अजय देवगन, मनोज कुमार सहित अनेक कलाकार यहां अब तक आ चुके हैं। माता की आरती का दृश्य अत्यंत ही अलौकिक होता है जिस वजह से यहां आने वाले मुख्यतः इस आरती में शामिल होना चाहते हैं।
Created On :   24 Dec 2017 9:42 AM IST