सूर्य का मिथुन राशि में गोचर, जानिए क्या पड़ेगा राशियों पर प्रभाव

डिजिटल डेस्क, भोपाल। सूर्य देव 15 जून 2018 को मिथुन राशि में प्रवेश करेंगे, और 17 जुलाई 2018 तक मिथुन राशि में ही रहेंगे। जिसका प्रभाव विभिन्न राशियों पर भी पड़ने वाला है। चलिए आपको बताते हैं सूर्य का मिथुन राशि में प्रवेश आपकी राशि के लिए क्या शुभ-अशुभ फल लाया है।
मेष
सूर्य के प्रभाव से विद्या एवं बुद्धि का बल विशेष रूप से प्राप्त होगा तथा पराक्रम की वृद्धि होगी। आपका भाग्य साथ देगा, धर्मात्मा, दानी तथा तीर्थ यात्रा करने वाले होंगे। आप अपनी बुद्धि तथा पराक्रम के योग से भाग्य की वृद्धि करेंगे, साथ ही ईश्वर की आराधना, धर्म-पालन आदि शुभ कार्यों को करने के अवसर प्राप्त होंगे।
उपायः पूर्ण श्रद्धा के साथ अपने पितरों की पूजा करें।
वृष
सूर्य के प्रभाव से धन-संपत्ति तथा कुटुम्ब का सुख प्राप्त होगा, परन्तु माता के सुख में कुछ कमी बनी रह सकती है और भूमि-मकान आदि का सुख प्राप्त होते हुए भी उसका श्रेष्ठ उपयोग नहीं हो पाएगा। अतः आपको आयु एवं पुरातत्व का लाभ प्राप्त होगा तथा दैनिक जीवन में भी सुख प्राप्त होगा।
उपायः छोटी कन्याओं की सेवा करें और उनका आशीर्वाद लें।
मिथुन
सूर्य के प्रभाव से आप बड़े तेजस्वी, हिम्मती, साहसी, पुरुषार्थी, तथा उद्योगी होंगे। आप अपने परिश्रम द्वारा ऊंचे-ऊंचे काम करेंगे तथा भाई-बहन की शक्ति प्राप्त करेंगे। अतः स्त्री तथा व्यवसाय के पक्ष में भी सफलता मिलेगी। आपका गृहस्थ जीवन सुखपूर्ण होगा तथा क्रोध की अधिकता होगी।
उपायः रविवार के दिन गुड़ दान करें।
कर्क
सूर्य के प्रभाव से आपका खर्च अधिक रहेगा, परन्तु बाहरी स्थानों के संबंध से धन का श्रेष्ठ लाभ होगा। आप राजसी जीवन बिताएंगे, परन्तु आपके कौटुम्बिक सुख एवं धन-संचय के क्षेत्र में कमी बनी रहेगी। आपको शत्रु पक्ष में सफलता प्राप्त होगी। आप राजसी ठाठ करते हुए धन के संचय की चिंता नहीं करेंगे।
उपायः भगवान शिव की आराधना करें और उन्हें गेहूं चढ़ाएं।
सिंह
सूर्य के प्रभाव से आमदनी के श्रेष्ठ साधन उपलब्ध होते हैं। आपकी शारीरिक शक्ति में वृद्धि होगी, अतः आय के क्षेत्र में सफलता मिलेगी। आपको संतान एवं विद्या-बुद्धि की यथेष्ट शक्ति प्राप्त होगी। आप स्वार्थी होंगे तथा आपकी बोली में भी कुछ उग्रता बनी रहेगी।
उपायः माथे पर केसरिया तिलक लगाएं।
कन्या
सूर्य के प्रभाव से पिता,राज्य एवं व्यवसाय के क्षेत्र में हानि तथा कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। आप खर्च खूब करेंगे तथा बाहरी स्थानों के संबंध से लाभ भी उठाएंगे। अतः माता, भूमि, मकान आदि के सुख में कुछ कमी बनी रह सकती है। आप सामान्य जीवन व्यतीत करेंगे।
उपायः प्रातः 8 बजे सूर्य मंत्र का जाप करें।
तुला
सूर्य के प्रभाव से भाग्य में वृद्धि होती है और आप धर्म का भी यथाविधि पालन करेंगे। आप ईश्वर-भक्त, न्यायी तथा सौभाग्यवान होंगे। आपको स्वयमेव धन, सुख तथा लाभ की प्राप्ति होगी। आपको भाई-बहन का सुख मिलेगा तथा पराक्रम में वृद्धि होगी।
उपायः सूर्य देव को जल का अर्घ्य दें।
वृश्चिक
सूर्य के प्रभाव से आयु पक्ष में वृद्धि होगी तथा पुरातत्व का लाभ मिलेगा। साथ ही राज्य, पिता एवं व्यवसाय के पक्ष में भी कुछ कठिनाइयों के साथ उन्नति होगी। आप परिश्रम द्वारा धन की वृद्धि करेंगे तथा आपको कुटुंब का सुख भी प्राप्त होगा। आप बाहरी स्थान का संपर्क भी प्राप्त करेंगे।
उपायः भगवान शिव की आराधना करें और उन्हें गुड़ का भोग लगाएं।
धनु
सूर्य के प्रभाव से स्त्री पक्ष से सुख प्राप्त करेंगे। आपका गृहस्थ जीवन आनंद से व्यतीत होगा, साथ ही व्यवसाय के क्षेत्र में भी आपको सफलता मिलेगी। आप भाग्य की शक्ति में भरोसा रखेंगे तथा भाग्य आपका साथ भी देगा। ईश्वर भक्त भी होंगे। आपको श्रेष्ठ शारीरिक सुख एवं प्रभाव की प्राप्ति होगी। आप धर्म का पालन भी करेंगे तथा भाग्यवान होंगे, परन्तु आपकी स्त्री के स्वभाव में कुछ तेजी रहेगी।
उपायः तांबे के लोटे में शुद्ध जल लें। फिर उस जल में कुमकुम मिलाएं। अब यह जल सूर्यदेव को चढ़ाएं।
मकर
सूर्य के प्रभाव से आप अपने शत्रु पक्ष पर निरंतर विजय प्राप्त करेंगे। आपको आयु तथा पुरातत्व की शक्ति का भी लाभ मिलेगा एवं झगड़े-झंझट के मामलों में परिश्रम के साथ सफलता मिलेगी। आपका खर्च अधिक रहेगा तथा बाहरी स्थानों के संबंध से असंतोष प्राप्त होगा।
उपायः रविवार के दिन बैल को गेहूं एवं गुड़ खिलाएं।
कुम्भ
सूर्य के प्रभाव से विद्या एवं बुद्धि के क्षेत्र में प्रवीणता प्राप्त होगी तथा संतानपक्ष से भी सहयोग मिलेगा। आपको कोई बुद्धिमती स्त्री के द्वारा व्यवसाय के क्षेत्र में सफलता मिलेगी। आप अपनी बुद्धि के योग से विशेष लाभ प्राप्त करेंगे तथा आने वाले जीवन को सुखी, धनी उन्नत तथा प्रभावशाली बनाएंगे।
उपायः रविवार के दिन तांबे का दान करें।
मीन
सूर्य के प्रभाव से विद्या-बुद्धि एवं वाणी की शक्ति प्राप्त होगी, परन्तु संतान पक्ष से कुछ कष्ट मिल सकता है। विद्या अध्ययन में सामान्य कठिनाइयां भी आ सकती हैं। मस्तिष्क में चिंता, क्रोध एवं परेशानियों का निवास भी रहेगा। अतः लाभ के मार्ग में कुछ कठिनाइयां आ सकती हैं, परन्तु आप अपने परिश्रम एवं बुद्धि-बल से लाभ उठाने में सफलता प्राप्त कर लेंगे।
उपायः रविवार के दिन गेहूं दान में दें।
Created On :   12 Jun 2018 3:40 PM IST