रविवार का दिन है सूर्यदेव को समर्पित, देते हैं मनचाहा फल
डिजिटल डेस्क, भोपाल। रविवार का दिन ग्रहों के राजा सूर्यदेव को समर्पित होता है। इस दिन सूर्यदेव की उपासना करने से विशेष रूप से फल प्राप्त होता है, यही वजह है कि रविवार के दिन सूर्यदेव की पूजा अवश्य करना चाहिए। सूर्यदेव की उपासना करने से सुख-समृद्धि, ज्ञान, स्वास्थ्य, सफलता आदि की प्राप्ति होती है। साथ ही परिवार और समाज में मान सम्मान भी बढ़ता है। सूर्यदेव की कृपा जिस पर भी हो जाती है उस व्यक्ति की कुंडली से ग्रहों का नकारात्मक प्रभाव समाप्त हो जाता है। इसके साथ ही व्यक्ति की सफलता के द्वार भी खुल जाते हैं।
सूर्य देव को सर्व प्रेरक, सर्व प्रकाशक, सर्व कल्याणकारी माना गया है। हर रोज सूर्य की उपासना करने से मनुष्य हर सांसारिक सुख को पूरा कर सकता है। सफलता और यश के लिए रविवार को सूर्य देव की पूजा के साथ इनके मंत्रों का जाप पूरी विधि-विधान से करना चाहिए, इससे सूर्यदेव प्रसन्न होते हैं और भक्त को मनचाहा फल देते हैं।
ऐसे करें सूर्यदेव की पूजा
- रविवार सुबह स्नान के बाद सफेद वस्त्र पहनकर सूर्य देव को नमस्कार करें।
- सूर्यदेव को तांबे के बर्तन में ताजा जल भरकर अर्पित करें।
- भगवान सूर्य देव को लाल चंदन का लेप, कुमकुम, चमेली और कनेर के फूल अर्पित करें, ये कार्य नवग्रह मंदिर में जाकर करें।
- दीप प्रज्जवलित कर मन में सफलता और यश की कामना करें।
- इस सूर्य मंत्र का जाप करें -
विष्णवे ब्रह्मणे नित्यं त्र्यम्बकाय तथात्मने।
नमस्ते सप्तलोकेश नमस्ते सप्तसप्तये।।
हिताय सर्वभूतानां शिवायार्तिहराय च।
नम: पद्मप्रबोधाय नमो वेदादिमूर्तये।।
- मंत्र जप के बाद सूर्य देव की आरती करें।
- भगवान सूर्यदेव को भोग में मोदक चढ़ाएं।
सूर्यदेव की पूजा करने से ये होंगे लाभ
- सूर्यदेव की पूजा करने से व्यक्ति निडर बनता है।
- सूर्यदेव की पूजा करने से सुख-समृद्धि और विद्या प्राप्त होती है।
- सूर्यदेव मनुष्य को कोमल और पवित्र आचरण प्रदान करते हैं।
- रविवार के दिन सूर्यदेव की पूजा करने से सभी परेशानियों से निजात मिल सकेगी।
Created On :   7 April 2018 2:51 PM IST