शुक्र का सिंह राशि में भ्रमण, करेगा सभी राशियों को प्रभावित 

Venus Transit in Leo on July 5, 2018, How Can Venus Influence Your Life
शुक्र का सिंह राशि में भ्रमण, करेगा सभी राशियों को प्रभावित 
शुक्र का सिंह राशि में भ्रमण, करेगा सभी राशियों को प्रभावित 

डिजिटल डेस्क, भोपाल। 5 जुलाई, 2018 गुरुवार के दिन 2 बजकर 3 मिनट पर शुक्र, सिंह राशि में गोचर करेंगे और 1 अगस्त 2018, बुधवार को 12:41 बजे तक इसी राशि में उपस्थित रहेंगे।

वृष व तुला राशियों के स्वामी दैत्याचार्य शुक्रदेव सौंदर्य, सांसारिक सुख, वैभव, ऐश्वर्य, भोग-विलासिता व प्रसिद्धि के ग्रह माने गए हैं। ज्योतिषशास्त्र में शुक्रदेव को जीवनसाथी, प्रेम, विवाह, विलासिता, समृद्धि, सुख, सभी वाहनों, कला, नृत्य, संगीत, अभिनय, जुनून और काम का प्रतीक माना गया है।

जिस जातक के कुंडली में शुक्र का स्थान शुभ होता है उसे जीवन में लगभग सभी भौतिक सुख-सुविधाएं जैसे घर, मकान, गाड़ी, संपत्ति, विदेश पर्यटन आदि प्राप्त होते हैं। वहीं दूसरी ओर शुक्र की कृपा से दांपत्य जीवन में भी मधुरता का वास होता है और विवाहित दंपत्तियों के बीच रोमांस बना रहता है, जो इस रिश्ते की एक बड़ी जरूरत भी है।

 


शुक्र को स्त्री कारक ग्रह भी माना जाता है। शुक्र ग्रह का यह राशि परिवर्तन महिलाओं के लिए शुभ संकेत नहीं दे रहा है। देश भर में महिलाओं के प्रति अपराध की घटनाएं बढ़ सकती हैं। वहीं फिल्म और कला जगत की बात करें तो यहां भी परिस्थितियां सकारात्मक नहीं लग रही हैं। शुक्र के इस राशि परिवर्तन से सोने-चांदी के भावों में बढ़ोतरी आ सकती है। साथ ही खाद्य पदार्थ को लेकर महंगाई बढ़ सकती है। ज़मीन-जायदाद के मूल्यों में भी गिरावट आने के योग हैं। किसी हवाई या रेल दुर्घटना का भी योग बनेगा। कालपुरुष सिद्धांत के अनुसार शुक्र के पंचम राशि सिंह में आने से जनमानस में मानसिक अशांति व मानसिक रूप से उतार-चढ़ाव की स्थिति रहेगी। लोगों का बजट गड़बड़ाएगा व भौतिक सुख साधनों पर खर्च बढ़ेगा। परिवार में आपसी मतभेद और मनमुटाव होंगे।

शुक्र ग्रह का यह राशि परिवर्तन सभी बारह राशियों के लिए कैसा रहेगा आइए जानते हैं।

 


मेष राशि 

शुक्र ग्रह का भ्रमण आपकी राशि के पांचवे भाव में होगा, जो प्रेम संबंधों के लिए अच्छा रहेगा। आपके आपसी रिश्तों में प्रेम बढ़ेगा और संबंधों में भी मजबूती आएगी। वैसे दांपत्य जीवन में थोड़ी बहुत नोंक-झोंक रह सकती है लेकिन उस पर ज्यादा ध्यान ना दें। आपके जीवन में कोई नया रिश्ता भी प्रवेश कर सकता है। प्रेमी-प्रेमिका विवाहित संबंधों के लिए पहल कर सकते हैं। पंचम में शुक्र के होने से प्रेमियों के लिए सफलता के द्वार खुलेंगे। प्रेम संबंध विवाह में परिवर्तित हो सकता है। सोच सकारात्मक रहेगी। आय में वृद्धि संभावित है। कार्य-व्यापार में अत्यंत लाभ के योग हैं।

 


वृषभ राशि 

शुक्र ग्रह का भ्रमण आपकी राशि के चौथे भाव में होगा, जो आपके निजी जीवन में ख़ुशी लेकर आएगा। पारिवार के लोगों के बीच सौहार्द बना रहेगा और आपसी संबंध भी मजबूत होंगे। आप घर की साज-सज्जा के लिए पैसा खर्च कर सकते हैं। आपके जीवन साथी के लिए यह समय काफी लाभदायक सिद्ध होगा। चतुर्थ भाव में शुक्र के होने से माता को रोग विकार सता सकते हैं। सुविधाओं की प्राप्ति होगी। जायदाद संबंधित डील होने के योग हैं। नए वाहन के खरीदने के योग हैं। सरकारी कार्यों में सफलता मिल सकती है।

 


मिथुन राशि 

आपकी राशि के लिए यह भ्रमण तीसरे भाव में होगा, जिसके बाद आपको खतरा उठाने में आनंद प्राप्त होगा। आप अपनी भावनाओं को समझेंगे और उन्हें निखारने का भी प्रयास करेंगे। आपको मनोरंजन के उद्देश्य से छोटी-मोटी यात्राएं करनी पड़ सकती हैं। इस समय आपका कोई कलात्मक गुण भी उभरकर आ सकता है, जिसका आपको भविष्य में लाभ मिलेगा। तृतीय भाव में शुक्र के होने से भाई-बहनों से संबंध सुधरेंगे। प्रियजन से मुलाकात होगी। भाग्य अत्यधिक साथ देगा। धन संबंधित समय मध्यम है। समस्याओं का समाधान पराक्रम के बल होने के आसार हैं।

 


कर्क राशि 

शुक्र ग्रह आपकी राशि के दूसरे भाव में भ्रमण करने जा रहा है, इस समय में आपको कुछ वित्तीय लाभ भी मिल सकता है। आपकी संवाद शैली में सुधार आएगा और आप दूसरों को अपनी भाषाशैली से आकर्षित करेंगे। आपको संपत्ति से भी कोई लाभ प्राप्त होने वाला है। आप किसी पारिवारिक समारोह में सम्मिलित हो सकते हैं। दूसरे भाव में शुक्र से आय वृद्धि होगी। वाणी व वाक पटुता से हर काम को निपटाने में समर्थ रहेंगे। कार्य-व्यापार हेतु उपयुक्त समय है। शिक्षा, नौकरी, सामाजिक व राजनैतिक कार्यों में सफलता मिलेगी।

 


सिंह राशि 

शुक्र ग्रह का आपकी ही राशि में भ्रमण होने जा रहा है, इस समय आपको अपने किए गए संघर्षों का भी लाभ प्राप्त होगा। आप गंभीर विषय पर उचित सलाह दे पाने में सक्षम रहेंगे, साथ ही भाई-बहनों का सहयोग भी आपको प्राप्त होगा। आपके विवाहित जीवन में सुधार आएगा किन्तु बात का बतंगड़ बनाने से बचें। लग्न में शुक्र होने से सुख का अनुभव होगा। जीवन साथी से प्रेम बढ़ेगा। शुक्र-मंगल की युति से अति व्यसन के साथ कामुकता चरम पर रहेगी। निजी व पारिवारिक सुख में वृद्धि होगी। भाग्य साथ देगा।

 


कन्या राशि 

शुक्र ग्रह का यह भ्रमण आपकी राशि के बारहवें भाव में होने जा रहा है, भौतिक सुखों पर आप ज्यादा खर्च करने लगेंगे। साथ ही वासनात्मक क्रियाओं में भी आप रूचि रखेंगे। इस दौरान आप निश्चित तौर पर किसी लंबी यात्रा की ओर प्रस्थान कर सकते हैं। आपको जीवनसाथी की सेहत का विशेष ध्यान रखना होगा। शुक्र का द्वादश में होने के कारण व्यक्तिगत खुशी देगा। मौज मस्ती पर धन खर्च होगा। स्वास्थ्य बिगड़ने के योग हैं। रिश्तेदारों का सहयोग प्राप्त होगा। नियमित कार्यों से ध्यान भटकेगा। शत्रु परास्त होंगे।

 


तुला राशि 

शुक्र ग्रह का यह भ्रमण आपकी राशि के ग्यारहवें भाव में होने जा रहा है, यह आपके लिए सुख-समृद्धि दायक रहेगा। इस समय आपको कोई बड़ी सफलता भी प्राप्त हो सकती है, साथ ही आर्थिक लाभ मिलने की भी पूर्ण संभावना है। आपके मन की कोई बहु-प्रतीक्षित इच्छा पूर्ण हो सकती है, इसके अलावा विवाहित जीवन भी मजबूत रहेगा। एकादश में शुक्र से आय में वृद्धि होगी। कार्य-व्यापार में नए अवसर मिलेंगे। पार्टनर से प्रेम में प्रगाढ़ता आएगी। अविवाहितों को पार्टनर मिलने के योग हैं। संतान पक्ष हेतु समय ज्यादा अच्छा नहीं है।

 


वृश्चिक राशि  

इस राशि के जातकों के लिए यह भ्रमण दसवें भाव में होने जा रहा है, जो आपके व्यवसाय को और मजबूत कर देगा। आपको कार्य के लिए छोटी-छोटी यात्राएं करनी पड़ सकती हैं। निजी संबंधों में प्रेम बढ़ेगा और आपसी रिश्ते भी मजबूत होंगे। आपको कार्यक्षेत्र में साझेदार का सहयोग मिलेगा और जीवनसाथी भी आपके लिए भाग्यशाली रहेगा। आपको अपनी मां के स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए। राजयोग का सृजन हो रहा है। पराक्रम में वृद्धि होगी। उच्च वर्ग व विपरीत लिंग से सहयोग मिलेगा। प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। पारिवारिक सुख में वृद्धि होगी। शुभ कार्य संपन्न होंगे।

 


धनु राशि 

शुक्र का यह भ्रमण आपकी राशि के नौंवे भाव में होने जा रहा है, इस दौरान आपको अपने श्रम का भरपूर फल प्राप्त होगा। आपको कुछ लंबी यत्राएं करनी पड़ सकती हैं जो आपके लिए बहुत लाभदायक रहेंगी। पिता का काम या उनका व्यवसाय ऊंचाइयां छू सकता है। आप किसी नए व्यापार का आरंभ कर सकते हैं। भाग्य में वृद्धि होगी। भाग्य के संयोग से आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। प्रचुर मात्रा में धन आएगा। सुख का अनुभव करेंगे। संतान पक्ष प्रसन्नता देगा। स्टूडेंट्स को बड़ी सफलता मिलेगी।

 


मकर राशि 

यह भ्रमण आपकी राशि के लिए आठवें भाव में होगा, आपको वासनात्मक क्रियाओं पर नियंत्रण रखना होगा। विवाहित जीवन में थोड़ा तनाव आ सकता है, आप अपने बच्चों को लेकर भी परेशान रहेंगे। अचानक कहीं से लाभ या हानि दोनों आ सकती हैं। आप यौन रोग से पीड़ित हो सकते हैं सावधान रहें। आय व सुख भंग के योग हैं। शारीरिक कष्ट के योग हैं। गुप्तांग में समस्या उत्पन्न होगी। पारिवारिक सुख में कमी आएगी। आय में कमी होगी। आर्थिक समस्या के योग बनते हैं।

 


कुंभ राशि 

इस राशि के जातकों के लिए यह भ्रमण सातवें भाव में होगा, इस समय आपका विवाहिक जीवन मंगलमय रहेगा और सामाजिक प्रतिष्ठा भी सुधरेगी, आपको भाग्य का भी पूरा साथ मिलेगा। आप अपने जीवनसाथी के साथ तालमेल बैठाकर रखें, आपको उनके साथ विशेष समय बिताने का अवसर प्राप्त होगा। आप विपरीत लिंग के व्यक्ति की सहायता से अपना लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं। सप्तम में शुक्र के भ्रमण से कार्य व्यापार में उन्नति होगी। सम्मान बढ़ेगा। उच्चवर्ग से सहयोग मिलेगा। व्यापार वृद्धि होगी। विपरीत लिंग के प्रति रुझान बढ़ेगा। कामेच्छा प्रबल रहेगी। विवाह के प्रबल योग हैं।

 


मीन राशि 

यह भ्रमण आपकी राशि के छठे भाव में होने जा रहा है, जिस कारण से आप अपने आपको बहुत ऊर्जावान महसूस करेंगे। आपको खेलकूद में अच्छी सफलता मिल सकती है। कोई पुरानी बीमारी परेशान कर सकती है, अपने आप को नियंत्रित रखते हुए ही आगे बढ़ें। भाई-बहनों का पूर्ण सहयोग मिलेगा किन्तु आपको भी उन्हें सहयोग करना चाहिए। छठे में शुक्र के भ्रमण से भाग्य कमज़ोर होगा। भाग्य की अपेक्षा कर्म अधिक बलवान होगा। आय में बड़ी कमी आएगी। खर्च बहुत अधिक होगा। अनावश्यक खर्च होंगे। विलासिता व व्यसन संबंधित खर्च होंगे
 

Created On :   3 July 2018 9:16 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story