बॉलीवुड की पहली वंडर वुमन बनेंगी दीपिका, फिल्म की साइन 

बॉलीवुड की पहली वंडर वुमन बनेंगी दीपिका, फिल्म की साइन 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत में रानी पद्मावती का किरदार निभाने के बाद दीपिका पादुकोण अब बॉलीवुड की पहली वंडर वुमन बनने जा रही हैं। दरअसल दीपिका ने एक नई फिल्म साइन की है जिसमें दीपिका सुपर वुमन का किरदार निभाएंगी। फिल्म निर्माता वंडर वुमन जैसी कहानी डिजाइन कर रहे हैं। 
फिलहाल इस फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है। इस फिल्म में दीपिका का लुक गाल गैडॉट से इंस्पायर होगा। हालांकि फिल्म को लेकर अब तक कोई घोषणा नहीं हुई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही फिल्म की घोषणा कर दी जाएगी।

 


दीपिका लेंगी स्पेशल मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग

इस बात की पुष्टि मुंबई के एक अखबार मुंबई मिरर से हुई है। इसमें प्रकाशित एक खबर के मुताबिक, इस फिल्म के लिए दीपिका पादुकोण मार्शलआर्ट्स की ट्रेनिंग लेंगी। दीपिका इस फिल्म में सुपर हीरो की शक्तियों से लैस होंगी। फिल्म का बजट 300 करोड़ बताया जा रहा है और फिल्म में कई इंवेस्टर्स इंवेस्ट कर रहे हैं। वहीं दीपिका पादुकोण भी इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रही हैं। फिल्म से जुड़ी हर चीज को वह बड़ी गंभीरता से ले रही हैं।  

 


पद्मावत के बाद नहीं की थी एक भी फिल्म साइन

फिल्म पद्मावत के बाद से ही दीपिका ने एक भी फिल्म साइन नहीं की थी। जिसके बाद कहा जा रहा था कि वो रणवीर सिंह के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं, इसलिए उन्होंने एक भी फिल्म साइन नहीं की। अब इस बात से पर्दा उठ चुका है कि दीपिका किसी अच्छी और डिफरेंट स्क्रिप्ट का इंतजार कर रही थीं जो उन्हें मिल गई है।

 


दीपिका को देखना होगा दिलचस्प

वंडर वुमन फिल्मों की दुनिया में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है। वहीं बॉलीवुड में भी कई फिल्में बनने जा रही हैं। जिसमें रणबीर कपूर,आलिया भट्ट स्टारर "ब्रह्मास्त्र", निर्माता-निर्देशक राकेश रोशन भी कृष-4 और 5 को एकसाथ लाने के मूड में हैं। ये दोनों ही फिल्में सुपर हीरोज पर आधारित हैं। ऐसे में दीपिका के पास जब सुपर शक्तियों से लैस "वंडर वुमन" बनने का ऑफर आया तो वो इससे इंकार नहीं कर सकीं। बहरहाल दीपिका को इस नए अवतार में देखना बेहद दिलचस्प होने वाला है। 

Created On :   27 May 2018 6:49 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story