दैनिक भास्कर हिंदी: गांधी वीडियो के लिए हिरानी ने बॉलीवुड के 8 सितारों को जुटाया

March 3rd, 2020

हाईलाइट

  • गांधी वीडियो के लिए हिरानी ने बॉलीवुड के 8 सितारों को जुटाया

मुंबई, 3 मार्च (आईएएनएस)। फिल्मकार राजकुमार हिरानी ने महात्मा गांधी पर एक संक्षिप्त वीडियो बनाने के लिए शाहरुख खान, आमिर खान और सलमान सहित बॉलीवुड के आठ सितारों को साथ लाए।

गांधी की 150वीं जयंती को मनाने के लिए इस ब्लैक एंड व्हाइट वीडियो को लगे रहो मुन्नाभाई के निर्देशक द्वारा तैयार किया गया।

इस वीडियो की अवधि लगभग एक मिनट तक की है, जिसकी शुरुआत चरखे के साथ होती है। इसके बाद आमिर, गांधी के अहिंसात्मक विचारों की बात करते हैं। अभिनेत्री आलिया भट्ट साहस के उनके विचारों की महत्ता पर बात करती हैं। सलमान वीडियो में उनकी सेवा भावना पर प्रकाश डालते नजर आते हैं। अभिनेत्री कंगना रनौत विश्वास पर उनकी भावना पर लोगों का ध्यान केंद्रित करती हैं। अभिनेता रणबीर कपूर शांति की बात करते हैं।

इसके बाद सोनम कपूर कहती हैं, व्यक्ति अपने विचारों से निर्मित प्राणी है, वह जो सोचता है, वही बन जाता है।

शाहरुख अंत में आस्था की बात करते हैं और वंदे मातरम के साथ इस वीडियो का समापन होता है।

हिरानी द्वारा परिकल्पित व निर्देशित इस वीडियो को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक आवास पर जारी किया था।