वायरल किस्सा: ‘रामायण' से पहले टूटा ‘भरत' का घर, 15 साल बाद अलग हुए आदिनाथ कोठारे और उर्मिला कानिटकर

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मराठी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा और चर्चित कपल्स में से एक आदिनाथ कोठारे और उर्मिला कानिटकर ने आखिरकार अपने रिश्ते को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है। पिछले कई महीनों से दोनों के अलग होने की खबरें सामने आ रही थीं, लेकिन अब इस स्टार कपल ने सोशल मीडिया पर संयुक्त बयान जारी कर साफ कर दिया है कि उन्होंने शादी के करीब 15 साल बाद आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है। हालांकि, दोनों ने साफ किया कि उनकी बेटी जिझा हमेशा उनकी जिंदगी का सबसे अहम हिस्सा रहेगी और वे मिलकर उसकी परवरिश करेंगे।
यह हमारा पहला और आखिरी बयान होगा
अपने साझा बयान में आदिनाथ और उर्मिला ने कहा, "अपने सभी दोस्तों, मीडिया और शुभचिंतकों को हम यह बताना चाहते हैं कि काफी सोच-विचार और आपसी बातचीत के बाद हमने सौहार्दपूर्ण तरीके से एक-दूसरे से अलग होने का फैसला किया है। एक जोड़े के रूप में हमारा सफर यहीं समाप्त होता है, लेकिन हमारी बेटी जिझा हमारी पहली प्राथमिकता है और हम दोनों मिलकर प्यार, सुरक्षा और सहयोग के माहौल में उसकी परवरिश करेंगे। हम एक-दूसरे के प्रति और साथ बिताए वर्षों के प्रति गहरा सम्मान रखते हैं। हम मीडिया और जनता से अनुरोध करते हैं कि इस कठिन समय में हमारी निजता का सम्मान करें। यह इस विषय पर हमारा पहला और आखिरी बयान होगा और इसके बाद हम कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।
कई महीनों से लग रहे थे अलगाव के कयास
आदिनाथ और उर्मिला के रिश्ते में खटास आने की खबरें साल 2025 के आखिर से ही सामने आने लगी थीं। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि दोनों अब साथ नहीं रह रहे हैं। हालांकि, उस समय दोनों ने इन खबरों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। कुछ समय पहले उर्मिला ने एक इंटरव्यू में सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को तवज्जो न देने की बात कही थी और लोगों से इंटरनेट पर मौजूद हर खबर पर आंख मूंदकर भरोसा न करने की सलाह दी थी।
फिल्म के सेट पर शुरू हुई थी प्रेम कहानी
आदिनाथ और उर्मिला की मुलाकात साल 2006 में फिल्म ‘शुभ मंगल सावधान' के सेट पर हुई थी। इस फिल्म का निर्देशन आदिनाथ के पिता और दिग्गज फिल्मकार महेश कोठारे ने किया था। यही उर्मिला की पहली फिल्म भी थी। सेट पर शुरू हुई दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई और करीब पांच साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 2011 में शादी कर ली। साल 2018 में उनके घर बेटी जिझा का जन्म हुआ।
करियर के नए मुकाम पर आदिनाथ
आदिनाथ जल्द ही नितेश तिवारी की आगामी फिल्म ‘रामायण' में भरत के अहम किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा उनकी झोली में ‘गांधी टॉक्स' जैसी चर्चित फिल्म भी है। वहीं, उर्मिला कानिटकर ‘दुनियादारी', ‘मला आई व्हायचं!' और ‘ती सध्या काय करते' जैसी कई सफल मराठी फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत चुकी हैं।
यह भी पढ़े -प्रेग्नेंट सामंथा रुथ प्रभु ने शेयर की बेबी मून की झलक, पति राज के साथ छुट्टियां एंजॉय करती नजर आईं एक्ट्रेस, देखें तस्वीरें
2026 में टूटीं इन सितारों की जोड़ियां
1. आदिनाथ कोठारे–उर्मिला कानिटकर
मराठी सिनेमा के चर्चित कपल आदिनाथ कोठारे और उर्मिला कानिटकर ने जुलाई 2026 में शादी के 15 साल बाद अलग होने का ऐलान किया। दोनों ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि वे आपसी सहमति से अलग हो रहे हैं, लेकिन बेटी जिझा की परवरिश मिलकर करेंगे।
2. जय भानुशाली–माही विज
टीवी इंडस्ट्री के लोकप्रिय कपल जय भानुशाली और माही विज ने जनवरी 2026 में 15 साल की शादी खत्म करने की घोषणा की। दोनों ने कहा कि यह फैसला आपसी सहमति से लिया गया है और वे अपने तीनों बच्चों की परवरिश साथ मिलकर करेंगे।
3. मौनी रॉय–सूरज नांबियार
कई महीनों की अटकलों के बाद अभिनेत्री मौनी रॉय और बिजनेसमैन सूरज नांबियार के अलग होने की खबरों की पुष्टि हुई। दोनों ने निजी कारणों का हवाला देते हुए अपने रिश्ते को खत्म करने का फैसला लिया।
यह भी पढ़े -खत्म हुआ इंतजार, 'जन नायकन' की रिलीज डेट आई सामने, थलापति विजय ने शेयर किया ऑफिशियल पोस्टर
4. हंसिका मोटवानी–सोहेल कथूरिया
अभिनेत्री हंसिका मोटवानी और उनके पति सोहेल कथूरिया के अलग होने की खबरों ने भी 2026 में सुर्खियां बटोरीं। शादी के कुछ साल बाद दोनों ने अपने रिश्ते को खत्म करने का फैसला लिया।
5. विजय–संगीता सोरनालिंगम
तमिल सुपरस्टार विजय और उनकी पत्नी संगीता सोरनालिंगम का रिश्ता भी 2026 में चर्चा में रहा। दोनों के बीच लंबे समय से अलगाव की खबरें थीं और कानूनी विवाद भी सामने आया, जिसने इस रिश्ते को सुर्खियों में ला दिया।
Created On :   16 July 2026 7:03 PM IST













