फैक्ट चेक: सीजेपी के प्रोटेस्ट के दौरान अभिजीत दीपके के साथ पुलिस ने की मारपीट, जानें वायरल दावे की सच्चाई

सीजेपी के प्रोटेस्ट के दौरान अभिजीत दीपके के साथ पुलिस ने की मारपीट, जानें वायरल दावे की सच्चाई
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन जारी है। इस बीच कल संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर दिल्ली पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का धरना प्रदर्शन जारी है। इस बीच सोमवार को संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर दिल्ली पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। कई छात्र घायल हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें दावा किया जा रहा है कि सीजेपी फाउंडर अभिजीत दिपके को दिल्ली पुलिस पीट रही है।

क्या हो रहा वायरल मामला?

दावा किया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस ने दीपके और बाकी प्रदर्शनकारियों को बुरी तरह पीटा। वीडियो में कुछ पुलिस वाले एक व्यक्ति को पीटते हुए और अपने साथ ले जाते हुए नजर आ रहे हैं।

वीडियो को एक्स पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, "ये बीजेपी की तानाशाही खुलेआम की जा रही है। अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस द्वारा मारा पीटा जा रहा है। सत्ता के नाम पर बैठने वाले गुंडे सिस्टम को ना ठीक कर करके जनता पर अत्याचार कर रही है।"

भास्कर हिंदी की टीम ने दावा को पाया झूठा

भास्कर हिंदी की टीम ने वायरल वीडियो की पड़ताल की। वीडियो के की-फ्रेम्स का रिवर्स इमेज सर्च करने पर यह फुटेज 16 अगस्त 2025 की एक इंस्टाग्राम पोस्ट में मिला। उस समय इस वीडियो का संबंध किसी राजनीतिक प्रदर्शन से नहीं, बल्कि दिल्ली एनसीआर में आवारा कुत्तों को हटाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन से था।

उस दौरान सोशल मीडिया पर #SaveDelhiNCRDogs अभियान चलाया गया था। कई एनिमल राइट्स एक्टिविस्ट और डॉग लवर्स इस प्रदर्शन में शामिल हुए थे। पोस्ट में लोगों को कुत्तों की तस्वीर वाली तख्तियां पकड़े हुए भी देखा जा सकता है।

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर से आवारा कुत्तों को हटाकर शेल्टर होम भेजने का निर्देश दिया था, जिसके विरोध में 16 अगस्त 2025 को दिल्ली के कनॉट प्लेस में प्रदर्शन हुआ था। समाचार एजेंसी पीटीआई द्वारा जारी वीडियो में भी वही पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी नजर आते हैं, जो वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे हैं।

वायरल वीडियो का जंतर-मंतर पर हाल के प्रदर्शन या अभिजीत दीपके से कोई संबंध नहीं है। यह अगस्त 2025 के एक अलग विरोध प्रदर्शन का वीडियो है, जिसे भ्रामक दावे के साथ दोबारा वायरल किया जा रहा है।

Created On :   22 July 2026 1:00 AM IST

Tags

Next Story