Iran-Israel War: मिडिल ईस्ट तनाव के बीच ईरान का बड़ा कदम, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर लगाया $2 मिलियन का टोल

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच ईरान का बड़ा कदम, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर लगाया $2 मिलियन का टोल
ईरान ने होर्मुज जलसंधि से गुजरने वाले कुछ जहाजों पर भारी शुल्क लगाने का फैसला लिया है। इसे अपनी ताकत दिखाने का कदम बताया जा रहा है जबकि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ गया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ईरान ने अब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले कुछ जहाजों पर करीब 2 मिलियन डॉलर (लगभग 18.8 करोड़ रुपये) का शुल्क लगाने का फैसला किया है। यह रास्ता दुनिया के सबसे जरूरी समुद्री मार्गों में से एक है। इस कदम को ईरान अपनी ताकत और नियंत्रण दिखाने के रूप में देख रहा है।

क्या बोले ईरानी सांसद?

ईरानी संसद के सदस्य अलाएद्दीन बोरूजेर्दी ने कहा कि कुछ जहाजों पर यह नया शुल्क लागू भी हो चुका है। उनका कहना है कि यह फैसला देश के अधिकार को दिखाने के लिए लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध के खर्च बढ़ रहे हैं, इसलिए यह जरूरी हो गया है। उनके अनुसार, इससे दुनिया को ईरान की ताकत का संदेश जाएगा।

ट्रंप की चेतावनी का जिक्र

यह बयान अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी के बाद आया है। ट्रंप ने कहा था कि अगर ईरान 48 घंटे में रास्ता नहीं खोलेगा, तो अमेरिका हमला कर सकता है। इसके जवाब में ईरान ने कहा कि वह भी जवाब देने में सक्षम है और दुश्मनों के बड़े ठिकानों को नुकसान पहुंचा सकता है।

आपको बता दें कि, मिडिल ईस्ट में तनाव 22 दिन से भी अधिक दिनों से जारी है। ईरान और इजरायल-अमेरिका हमला करने से पीछे हटने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। ऐसे में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले कुछ जहाजों पर भारी टोल लगाना चिंता और बढ़ाता है। अब देखना यह होगा कि तनाव कब खत्म होता है?

Created On :   23 March 2026 9:22 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story