US President Donald Trump: ‘रूस के लिए बहुत बुरा होगा अगर...’, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुतिन को दी धमकी!

- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को दी धमकी
- यूक्रेन से युद्ध न रोकने पर रूस को दी चेतावनी
- जानें रूस को किस बात को लेकर चेताया
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को यूक्रेन युद्ध रोकने के लिए रूस को फिर से धमकी दी है। ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि यूक्रेन से युद्ध रोकने पर उनकी और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की चर्चा नाकाम साबित होती है, तो रूस को इकोनॉमिक वॉर झेलना पड़ सकता है।
ट्रंप ने पुतिन को फिर दी धमकी
व्हाइट हाउस में बैठक के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि रूस के लिए इकोनॉमिक वॉर बहुत गंभीर होगा। ट्रंप ने कहा, "यह विश्व युद्ध नहीं होगा, बल्कि एक आर्थिक युद्ध होगा, जो बहुत ही बुरा होगा। इससे रूस के लिए भी काफी बुरा होगा और मैं ऐसा नहीं चाहता हूं।"
बता दें, ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2024 के अमेरिका में आम चुनाव के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने कसम खाई थी कि राष्ट्रपति बनने के बाद वह यूक्रेन के खिलाफ जारी रूस के सैन्य अभियानों को समाप्त कराएंगे। उन्होंने तभी से यूक्रेन के खिलाफ रूस के जारी हमलों को खत्म कर देंगे, लेकिन जनवरी 2025 में ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के करीब आठ महीने बाद भी यूक्रेन युद्ध की स्थिति मुश्किल बनी हुई है।
ट्रंप - पुतिन के बीच अलास्का में हुई थी मीटिंग
इतना ही नहीं, बल्कि रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म कराने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 15 अगस्त 2025 को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अलास्का में एक शिखर सम्मेलन के दौरान मीटिंग की थी। ट्रंप-पुतिन की इस मुलाकात से यूक्रेन युद्ध में शांति स्थापना की प्रगति होने की उम्मीद थी। लेकिन ट्रंप-पुतिन की यह बैठक बेनतीजा रही।
बता दें, रूस-यूक्रेन में शांति न होने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मॉस्को के खिलाफ कई प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया था। इसके साथ ही ट्रंप ने दुनिया के उन सभी देशों को भी प्रतिबंध और अन्य नतीजे भुगतने की भी चेतावनी दी, जो रूस से तेल की खरीदारी करते थे, क्योंकि ट्रंप का मानना है कि रूस कच्चे तेल को निर्यात कर राजस्व इकट्ठा कर रहा है, जो यूक्रेन पर लगातार सैन्य अभियान चलाने में सहायक बन रही हैं।
उधर, ट्रंप ने रूस से लगातार कच्चे तेल का आयात करने के संबंध में भारत पर 50 परसेंट का अतिरिक्त टैरिफ घोषित कर दिया। हालांकि, हैरानी की बात यह है कि ट्रंप ने रूस से ज्यादा तेल और गैस आयात करने वाले चीन के खिलाफ उच्च टैरिफ लागू नहीं किया।
Created On :   28 Aug 2025 1:49 AM IST