पश्चिम एशिया संघर्ष: बहरीन की प्रमुख एल्युमिनियम औद्योगिक कंपनी पर ईरान ने किया हमला, आईआरजीसी ने हमले की ली जिम्मेदारी

डिजिटल डेस्क, तेहरान। ईरान ने बहरीन की प्रमुख एल्युमिनियम औद्योगिक कंपनी पर हमला किया, बहरीन की प्रमुख औद्योगिक कंपनी एल्युमिनियम बहरीन (अल्बा) ने इसकी जानकारी देते हुए कहा औद्योगिक संयंत्र को निशाना बनाया गया। जिसमें कंपनी के दो कर्मचारी घायल हो गए हैं। आईआरजीसी ने अल्बा पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली है।
ईरानी सरकारी मीडिया IRIB के अनुसार, आईआरजीसी ने दावा किया कि उसने बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित प्रमुख औद्योगिक इकाइयों को निशाना बनाया। आईआरजीसी ने अपने बयान में कहा कि उसकी एयरोस्पेस और नौसेना बलों ने मिसाइल और ड्रोन के जरिए एक संयुक्त अभियान चलाया। जिसमें UAE के अमीरात ग्लोबल एल्युमिनियम (EMAL) और बहरीन के एल्युमिनियम बहरीन (Alba) प्लांट को टारगेट किया गया। इन दोनों यूनिट्स पर अमेरिकी सैन्य उद्योग से जुड़ाव का आरोप है। IRGC के मुताबिक, ये संयंत्र अमेरिकी सैन्य उत्पादन को अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन देते हैं। ईरान ने यह भी कहा इन पर हमले अमेरिकी-जायोनी हमलों के जवाब में किए गए है।
IRGC ने चेतावनी देते हुए कहा ये कार्रवाई आगे और अधिक तेज हो सकती है। बयान से पता चलता है कि संघर्ष और बढ़ सकता है,हालात और अधिक संवेदनशील हो सकते है। बहरीन न्यूज एजेंसी (BNA) के मुताबिक कंपनी ने अपने बयान में कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और घायल कर्मचारियों को तत्काल मेडिकल सहायता मुहैया कराई गई है। हमले में कंपनी को कितना नुकसान हुया, इसका आकलन किया जा रहा है। इसके अलावा संचालन को सामान्य बनाए रखने और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं। अल्बा के बयान में कहा गया है कि जैसे जैसे नई जानकारी सामने आएगी, उसे साझा किया जाएगा।
Created On :   29 March 2026 12:41 PM IST












