पाकिस्तान के पूर्व सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा का निधन: एक महीने तक अस्पताल में चला इलाज, ICU वार्ड में तोड़ दम

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व सेना चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा का निधन हो गया है। पिछले महीने वे बाथरूम में फिसलकर गिर गए थे, इस दौरान उन्हें सिर में गंभीर चोट आई थी। इस घटना के बाद उन्हें आनन-फानन में रावलपिंडी के मिलिट्री अस्पताल में एडमिट कराया गया था, जहां पर उन्होंने ICU वार्ड में शनिवार (28 मार्च, 2026) को दम तोड़ दिया।
सर्जरी के बाद भी हालात गंभीर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उनकी सर्जरी की थी। शुरुआत में इसे सफल बताया जा रहा था, लेकिन इसके बाद भी उनकी हालात गंभीर बनी होने की वजह से लगातार डॉक्टरों की निगरानी में थे। बाजवा साल 2016 से 2022 तक पाकिस्तानी सेना प्रमुख थे। रिटायरमेंट होने के बाद वे देश की राजनीति और सुरक्षा मामलों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।
सरकार और सेना के बीच अच्छा तालमेल
कमर जावेद बाजवा पूर्व पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान के विवाद को लेकर काफी सुर्खियों में थे। शुरुआत में दोनों के रिश्ते बहुत अच्छे थे, लेकिन बाद में पूरी तरह से बिगड़ गए थे। इमरान खान साल 2018 में प्रधानमंत्री बने थे, उस दौरान कहा जाता था कि सरकार और सेना 'एक पेज' पर है। यह भी माना जाता था कि उस दौरान बाजवा के नेतृत्व में सेना का इमरान खान को पूरा सपोर्ट था और दोनों के बीच में अच्छे से तालमेल था।
यह भी पढ़े -अमेरिका की इस फेमस क्रिकेट लीग से जुड़े आर. अश्विन, पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ खेलते आएंगे नजर
लेकिन साल 2021 के आते ही दोनों के बीच में मतभेद शुरू हो गए थे, इसकी वजह ISI प्रमुख की नियुक्ति बनी। सेना नदीम अंजुम को तुरंत ISI चीफ बनाना चाहती थी, लेकिन इमरान खान इसे टाल रहे थे। यहीं से दोनों के बीच में खटास पैदा हो गई। इसके बाद साल 2022 में इमरान खान की सरकार गिर गई।
बाजवा 6 साल में बने अरबपति
कमर जावेद बाजवा के रिटायरमेंट के बाद उनकी फैमिली की संपत्ति को लेकर विवाद देखने को मिला था। साल 2022 में पाकिस्तानी पत्रकार अहमद नूरानी की रिपोर्ट में बताया गया था कि उनके परिवार की संपत्ति महज 6 साल में तेजी से बढ़ी है, जो अरबों तक पहुंच गई। रिपोर्ट में आगे बताया गया था कि उनके परिवार और करीबियों ने कराची एवं लाहौर जैसे बड़े शहरों में फार्म हाउस बनाए, इसके साथ ही कई बड़े बिजनेस शुरु किए और विदेशों में भी प्रॉपर्टी खरीदी गई।
Created On :   29 March 2026 12:14 AM IST













