पाकिस्तान में बढ़ा तनाव: बलूच लिबरेशन आर्मी का बलूचिस्तान में बड़ा दावा, सुराब शहर पर कब्जा, पुलिस थाने में तोड़फोड़ और आगजनी

बलूच लिबरेशन आर्मी का बलूचिस्तान में बड़ा दावा, सुराब शहर पर कब्जा, पुलिस थाने में तोड़फोड़ और आगजनी
  • बलूच लिबरेशन आर्मी का बलूचिस्तान में बड़ा दावा
  • पुलिस थाने में तोड़फोड़ और आगजनी
  • पाकिस्तान में बढ़ा तनाव, सुराब शहर पर कब्जा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने दावा किया है कि उनके लड़ाकों ने बलूचिस्तान प्रांत के सुराब शहर पर पूरी तरह कब्जा कर लिया है। शुक्रवार को हुए इस हमले में बीएलए ने पुलिस थाने में तोड़फोड़ कर उसे आग के हवाले कर दिया।

बीएलए का बयान: प्रमुख सरकारी ठिकानों पर कब्जा

बीएलए ने एक बयान जारी कर कहा, "हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने सुराब शहर पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित कर लिया है। बैंक, लेवी स्टेशन और पुलिस थाने जैसे प्रमुख सरकारी प्रतिष्ठानों पर कब्जा किया गया है।" इसके अलावा, बीएलए ने दावा किया कि उन्होंने क्वेटा-कराची और सुराब-गिदर राजमार्गों पर भी नियंत्रण कर लिया है और वहां गश्त कर रहे हैं।

पाकिस्तानी सरकार की चुप्पी

इस घटना पर पाकिस्तानी सेना या सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। सुराब शहर सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और यह बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा से केवल 150 किलोमीटर दूर है। इस हमले के बाद पाकिस्तान की सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों पर सवाल उठने लगे हैं। सुराब, कालात डिवीजन में स्थित है और 2023 तक इसकी अनुमानित जनसंख्या 35,000 से 45,000 के बीच थी।

इस महीने पहले भी बीएलए की कार्रवाई

इस महीने की शुरुआत में बीएलए ने क्वेटा-कराची हाईवे को बंद कर वाहनों की तलाशी ली थी। कालात के मोंगोचार बाजार में बीएलए लड़ाकों ने नेशनल डाटाबेस एंड रजिस्ट्रेशन अथॉरिटी, न्यायिक परिसर और नेशनल बैंक ऑफ पाकिस्तान जैसे सरकारी भवनों में तोड़फोड़ कर उन्हें आग लगा दी थी।

साथ ही, बीएलए ने एक पुलिस वाहन पर हमला कर 10 कैदियों को छुड़ा लिया था और पांच पुलिसकर्मियों को बंधक बनाया था। यह वाहन गदानी जेल से कैदियों को क्वेटा और माच की केंद्रीय जेल में ले जा रहा था।

बलूचिस्तान में तनाव बढ़ा

बीएलए के इन हमलों ने बलूचिस्तान में तनाव को और बढ़ा दिया है। सुराब पर कब्जे का दावा क्षेत्र में अस्थिरता और सुरक्षा चुनौतियों को दर्शाता है। दैनिक भास्कर इस घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है।

Created On :   30 May 2025 11:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story