यूनुस सरकार: बांग्लादेश के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त नुरुल हुदा गिरफ्तार , बीएनपी ने लगाए चुनाव में धांधली के आरोप

- गिरफ्तारी से पहले पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त को भीड़ ने पीटा, गालियां दीं
- बीएनपी ने दर्ज कराया मुकदमा
- पूर्व पीएम खालिदा जिया की पार्टी बीएनपी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बांग्लादेश के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त नुरुल हुदा को चुनाव में धांधली के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। हुदा पर चुनाव में धांधली का आरोप पूर्व पीएम खालिदा जिया की पार्टी बीएनपी ने लगाया है। इसी के चलते उन्हें अरेस्ट किया गया है। आज सोमवार को हुदा को अदालत में पेश करने की खबर है।
हालांकि आपको बता दें गिरफ्तारी से पहले नुरुल हुदा को भीड़ ने भी पीटा। बीते दिन लोगों की भीड़ ने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त नुरुल हुदा के ढाका स्थित आवास पर हमला किया। ढाका के उत्तरा पश्चिम पुलिस स्टेशन के प्रमुख हफीजुर रहमान ने मीडिया को बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर जब पुलिस पहुंची तब भीड़ ने हुदा को चारों तरफ से घेरा हुआ था।
आपको बता दें शेख हसीना सरकार बीते साल सत्ता से अपदस्थ हो गई, अपदस्थ होने के बाद शेख हसीना ने बांग्लादेश छोड़ दिया। उसके बाद बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में नई अंतरिम सरकार नेतृत्व में आई। बांग्लादेश के नई सरकार के आने और अवामी लीग सरकार शेख हसीना को सत्ता से बेदखल होने के बाद से उनके नेताओं और समर्थकों को निशाना बनाया जा रहा है। कई नेता देश छोड़कर भाग गए, जो बच गए उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। शेख हसीना समर्थकों पर हमले हो रहे है हुदा पर हुए हमलों को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस ने हुदा की भीड़ द्वारा पिटाई की जानकारी दी।
सोशल मीडिया की खबरों से मिली जानकारी के मुताबिक भीड़ ने नुरुल हुदा को पहले जूतों से पीटा और उसके बाद उनके गले में जूतों की माला पहनाई । नुरुल हुदा पर अंडे फेंके गए, गंदी-गंदी गालियां दी गईं। इसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नुरुल हुदा को गिरफ्तार कर लिया। ढाका मेट्रोपोलिटन पुलिस के डिप्टी कमिश्नर मोहीदुल इस्लाम ने बताया कि हुदा को बीएनपी द्वारा दर्ज शिकायत के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया।
आपको बता दें बीएनपी ने नुरुल हुदा समेत 19 लोगों के खिलाफ चुनाव में धांधली करने का मामला दर्ज कराया है।आरोपियों में पूर्व पीएम शेख हसीना का नाम भी है। हुदा की अगुवाई में ही बांग्लादेश में साल 2014, 2018 और 2024 के आम चुनाव संपन्न कराए गए थे। बीएनपी ने आरोप लगाया है कि इन चुनावों में जनादेश के बगैर शेख हसीना को जीत मिली। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने बयान जारी कर लोगों से कानून हाथ में न लेने की अपील की। यूनुस ने कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात भी कही।
Created On :   23 Jun 2025 2:59 PM IST