America's Politics: 'चुनावी प्रचार के दौरान कमला हैरिस ने सेलेब्स को दिए लाखों डॉलर' , डोनाल्ड ट्रंप ने लगाया पूर्व उपराष्ट्रपति पर गंभीर आरोप, कहा- चलाया जाए मुकदमा

- ट्रंप का बड़ा आरोप
- कमला हैरिस पर लगाया नियम तोड़ने का आरोप
- राष्ट्रपति ने किया 'एक्स' पोस्ट
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और टेस्ला मालिक एलन मस्क के बीच विवाद थमा ही था कि अब ट्रंप ने नए मसले को जन्म दिया है। उन्होंने यूएस की पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस पर गंभीर आरोप लगाया है। ट्रंप का कहना है कि राष्ट्रपति चुनाव 2024 के प्रचार अभियान के दौरान कमला हैरिस ने सिंगर बियॉन्से, टीवी स्टार ओपरा विन्फ्रे और सामाजिक कार्यकर्ता अल शार्पटन जैसे लोकप्रिय चेहरों को पैसे देकर समर्थन मांगा था। ट्रंप का यह आरोप सिर्फ हैरिस पर ही नहीं बल्कि प्रमुख हस्तियों पर भी है।
'मुकदमा चलाया जाना चाहिए'
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट के जरिए हैरिस पर चुनाव प्रचार में बड़ी हस्तियों से समर्थन मांगने के लिए लाखों डॉलर खर्च करने का आरोप लगाया। साथ ही, अमेरिका के चुनावी अभियान के आर्थिक कानूनों का उल्लंघन करने का दावा करते हुए कहा कि हैरिस पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए। ट्रंप ने लिखा कि कल्पना कीजिए अगर नेता अपने प्रचार के लिए समर्थन खरीदने लगें, तो यह लोकतंत्र के लिए कितना खतरनाक होगा?
खुद किससे घिरे हैं ट्रंप?
मालूम हो कि, अमेरिका के राष्ट्रपति खुद इस वक्त कुख्यात जेफ्री एप्सटीन मामले के चलते घिरे हुए हैं। इस मामले में ट्रंप ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि डेमोक्रेटिक पार्टी जानबूझकर इस मुद्दे को उछाल रही है। उनका दावा है कि जांच राजनीतिक रूप से प्रेरित है।
Created On :   27 July 2025 4:30 PM IST